Bhiwani News: हरियाणा के भिवानी जिले के रहने वाले कृष्ण कुमार ने जापान एशियाई खेलों के लिए ऑफिशियल क्वालिफाई कर लिया है। उन्होंने नेशनल इंटर स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप की 800 मीटर रनिंग इवेंट में सिल्वर मेडल जीता है। इसके साथ ही उन्होंने एशियाई खेलों में जाने वाली भारतीय टीम में अपनी सीट पक्की की है।
भुवनेश्वर में 24 से 28 जून तक 65वीं नेशनल इंटर स्टेट सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप का आयोजन हुआ था। इस बड़े स्पोर्ट्स टूर्नामेंट में हरियाणा स्टेट के कुल 9 एथलीट्स ने शानदार परफॉर्म कर जापान का टिकट हासिल किया है। इस प्रतियोगिता में हरियाणा की तरफ से 38 पुरुष और 32 महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।
पुरुष वर्ग में कृष्ण कुमार अकेले खिलाड़ी, 8 महिलाओं ने मारी बाजी
इस चैंपियनशिप के पुरुष वर्ग में कृष्ण कुमार हरियाणा के इकलौते एथलीट रहे, जिन्होंने एशियन गेम्स का टिकट पाया है। उनके अलावा राज्य की 8 महिला खिलाड़ियों ने भी क्वालिफाई किया है। इनमें किरण पहल, पूजा, मनप्रीत कौर, सीमा कालीरमन, सान्या यादव, निधि रानी शामिल हैं। यह 20वें एशियाई खेल जापान के आइची शहर में होने हैं।

