Ambala News: जिले के धन्यौड़ा गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां खेल रहा एक 4 वर्षीय मासूम बच्चा अचानक 220 फुट गहरे खुले बोरवेल में गिर गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन के साथ-साथ एनडीआरएफ और भारतीय सेना ने मोर्चा संभाल लिया है।
सुबह खेत में खेलते समय अचानक खुले ट्यूबवेल में गिरा निरवैर
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, 4 वर्षीय निरवैर सिंह सुबह करीब साढ़े छह बजे अपने पिता और चाचा के साथ खेत पर गया था। वह चाचा हरनेक सिंह के खेत में खेल रहा था, तभी अचानक पैर फिसलने से वह खुले पड़े गहरे बोरवेल में समा गया।
पानी का लगातार रिसाव और विजिबिलिटी कम होना बनी बड़ी चुनौती
लगभग 220 फीट की गहराई पर पानी का लगातार रिसाव हो रहा है। इस सीपेज के कारण बोरवेल के अंदर की विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है। रेस्क्यू टीम को अंदर देखने में भारी दिक्कत आ रही है। कैमरे में फिलहाल बच्चे का केवल एक हाथ दिखाई दे रहा है।
बचाव के लिए हैवी एक्सकेवेटर मशीनों से समानांतर गड्ढे की खुदाई
प्रशासन ने बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए बोरवेल के समानांतर एक और गहरा गड्ढा खोदना शुरू कर दिया है। इसके लिए मौके पर हैवी एक्सकेवेटर मशीनें लगाई गई हैं। मिट्टी धंसने के खतरे को देखते हुए बेहद सावधानी से सुरंग बनाने का काम जारी है।
पाइप से लगातार ऑक्सीजन सप्लाई और डॉक्टरों की टीम मौके पर मुस्तैद
गहराई में फंसे मासूम तक पाइप के जरिए लगातार ऑक्सीजन पहुंचाई जा रही है। मेडिकल टीम एम्बुलेंस के साथ मौके पर तैनात है। कैमरे से बच्चे की हर हरकत पर कड़ी नजर रखी जा रही है। बच्चे का परिवार और पूरा गांव उसकी सलामती के लिए प्रार्थना कर रहा है।
उपायुक्त की देखरेख में युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के तुरंत बाद परिजनों ने सरपंच और फिर जिला प्रशासन को सूचित किया। सूचना मिलते ही उपायुक्त ने मौके पर पहुंचकर खुद कमान संभाल ली। सेना और प्रशासन की टीमें मिलकर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर काम कर रही हैं।

