Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के चुनाव में मतदाताओं ने भारी उत्साह दिखाया। राज्य की 1276 ग्राम पंचायतों में करीब 80 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही और महिलाओं की भागीदारी ने इस बार भी नया रिकॉर्ड बनाया। कई जिलों में महिला मतदान प्रतिशत पुरुषों से अधिक दर्ज हुआ।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार मतदान सुबह सात बजे से शुरू होकर शाम तीन बजे तक चला। चुनाव मतपत्र और मतपेटियों के माध्यम से करवाए गए। शाम सात बजे तक मिले आंकड़ों में प्रदेशभर में लगभग 80 फीसदी मतदान रिकॉर्ड किया गया। आयोग ने इसे ग्रामीण लोकतंत्र के प्रति लोगों के मजबूत विश्वास का संकेत बताया है।
कुल्लू और सिरमौर में सबसे ज्यादा मतदान
राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव सुरजीत सिंह राठौर ने बताया कि जिला कुल्लू में सबसे अधिक करीब 86 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ। वहीं सिरमौर जिले में लगभग 85 प्रतिशत वोटिंग हुई। दूसरी ओर लाहुल-स्पीति में सबसे कम करीब 69 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड किया गया, हालांकि वहां भी लोगों ने उत्साह के साथ मतदान किया।
महिला मतदाताओं ने इस बार भी सक्रिय भागीदारी दिखाई। प्रदेश के नौ जिलों में महिलाओं का मतदान प्रतिशत पुरुषों से अधिक रहा। जिला कुल्लू में महिलाओं की भागीदारी सबसे ज्यादा लगभग 86 प्रतिशत दर्ज की गई। आयोग ने इसे महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण राजनीति में बढ़ती भागीदारी का सकारात्मक संकेत बताया है।
सोलन की ढेला पंचायत ने बनाया रिकॉर्ड
राज्य में सबसे अधिक मतदान जिला सोलन के विकास खंड नालागढ़ की ग्राम पंचायत ढेला में दर्ज किया गया। यहां करीब 96 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। स्थानीय प्रशासन के अनुसार सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं और लोगों ने बढ़-चढ़कर चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा लिया।
प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों की मतगणना कई पंचायतों में देर रात तक जारी रही। वहीं 250 जिला परिषद वार्डों और 1684 पंचायत समिति वार्डों की मतगणना 31 मई 2026 को होगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि उसी दिन इन सभी सीटों के परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे।
आयोग ने सभी कर्मचारियों का जताया आभार
राज्य निर्वाचन आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग और चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। आयोग ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की सक्रिय भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करती है और यह प्रदेश के लिए सकारात्मक संकेत है।
प्रदेशभर में मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रखी गई थी। संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। चुनाव आयोग के अनुसार सभी जिलों से मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने की रिपोर्ट मिली है और कहीं से भी किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं आई।
Author: Harikarishan Sharma


