Himachal Pradesh News: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने नगर निगम और शहरी निकाय चुनाव के नतीजों को लेकर विपक्ष पर करारा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा नेताओं के दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस की नीतियों पर मुहर लगाई है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने बताया कि राज्य के 53 शहरी स्थानीय निकाय चुनावों में से कांग्रेस ने 29 स्थानों पर शानदार जीत दर्ज की है। वहीं भाजपा को केवल 21 स्थानों पर ही सफलता मिल सकी है। इसके अलावा तीन स्थानों पर मुकाबला पूरी तरह बराबरी पर छूटा है।
मंडी में जयराम ठाकुर की नहीं अनिल शर्मा की जीत
मुख्यमंत्री ने जयराम ठाकुर के गृह जिले मंडी के चुनावी नतीजों पर बड़ा राजनीतिक विश्लेषण किया। उन्होंने कहा कि मंडी नगर निगम में भाजपा की सफलता के पीछे पूर्व मंत्री अनिल शर्मा का मुख्य हाथ रहा है। वहां जयराम ठाकुर की व्यक्तिगत जीत का कोई असर नहीं दिखा।
सुक्खू ने तर्क दिया कि यदि मंडी में जयराम ठाकुर का निजी प्रभाव होता तो भाजपा सरकाघाट में भी जीतती। इसके अलावा पार्टी को नेरचौक और रिवालसर जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भी करारी हार का सामना नहीं करना पड़ता। भाजपा को अब खोखली बयानबाजी तुरंत बंद कर देनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने अन्य जिलों के आंकड़े जारी करते हुए बताया कि कांग्रेस ने कांगड़ा के 7 में से 6 निकायों पर कब्जा किया है। चम्बा में 3 और ऊना जिले के अंब तथा दौलतपुर चौक निकाय भी कांग्रेस के खाते में गए हैं। कुल्लू के 5 में से 4 निकायों में कांग्रेस जीती है।
शिमला और सिरमौर में भी कांग्रेस का शानदार प्रदर्शन
सिरमौर जिले में भी कांग्रेस ने दो प्रमुख स्थानों पर अपनी जीत का परचम लहराया है। वहां भाजपा को केवल एक सीट से ही संतोष करना पड़ा। शिमला जिले में कांग्रेस 6 स्थानों पर विजयी रही, जबकि भाजपा सिर्फ 3 सीटें जीत सकी और ठियोग बराबर रहा।
सुक्खू ने सोलन के नतीजों पर साफ कहा कि वहां भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल के गुट को कामयाबी मिली है। कांग्रेस कुछ सीटों पर बहुत ही कम अंतर से हारी है, जिसे वह स्वीकार करती है। इन चुनावों को विधानसभा का सेमीफाइनल कहना जल्दबाजी होगी।
पंचायत चुनावों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों का बंपर जलवा
मुख्यमंत्री ने पंचायती राज संस्थाओं के नतीजों का जिक्र करते हुए बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 3575 पंचायतों में से 2400 में कांग्रेस समर्थित प्रधान चुने गए हैं। इसके साथ ही करीब 2300 उपप्रधान पदों पर भी कांग्रेस समर्थकों ने कब्जा जमाया है।
उन्होंने बताया कि बीडीसी और जिला परिषद के नतीजों में भी पार्टी लगातार आगे चल रही है। लाहौल-स्पीति सहित कई अन्य जनजातीय क्षेत्रों में कांग्रेस को बड़ी बढ़त मिली है। इन चुनावों में स्थानीय विधायकों का प्रभाव सबसे ज्यादा देखने को मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धर्मशाला में सुधीर शर्मा और पालमपुर में विधायक आशीष बुटेल का मजबूत असर दिखा है। कांग्रेस अपनी सांगठनिक कमियों और गलतियों को जल्द दूर करेगी। सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता केवल जनता की सच्ची सेवा करना और विकास को गति देना है।
Author: Harikarishan Sharma

