Uttarakhand News: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून को आधुनिक और स्वच्छ शहर बनाने की दिशा में कई बड़ी सौगातें दीं। नगर निगम में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में सीएम ने 2.32 करोड़ रुपये की लागत से जुगमन्दर हॉल के जीर्णोद्धार कार्य का लोकार्पण किया। उन्होंने साफ संदेश दिया कि उनकी सरकार ‘विकास भी और विरासत भी’ के मूल मंत्र पर काम कर रही है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने केदारपुरम एबीसी सेंटर में कैनाल निर्माण और शहर के 6 अलग-अलग स्थानों पर पार्कों के सौंदर्यीकरण का शिलान्यास भी किया।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा दून, 1400 करोड़ के प्रोजेक्ट्स पर काम जारी
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में बताया कि देहरादून को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित करने के लिए 1400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। शहर में कचरा प्रबंधन के लिए आधुनिक मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन बनाए गए हैं। कूड़ा उठाने वाले वाहनों की निगरानी अब इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के जरिए रियल-टाइम में की जा रही है। पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए शहर में 30 इलेक्ट्रिक बसें दौड़ रही हैं और 11 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए गए हैं।
नदियों के ऊपर एलिवेटेड रोड और दिल्ली-दून एक्सप्रेसवे की तैयारी
ट्रैफिक की समस्या से निपटने के लिए सरकार रिस्पना और बिंदाल नदियों के ऊपर एलिवेटेड रोड बनाने की योजना तैयार कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। इससे दिल्ली और देहरादून के बीच का सफर काफी कम हो जाएगा। इस बदलाव के बाद बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए पार्किंग और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
नगर निगम के राजस्व में 40% का बड़ा उछाल
मुख्यमंत्री ने नगर निगम देहरादून की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए बताया कि पिछले एक साल में निगम का राजस्व 52 करोड़ से बढ़कर 73 करोड़ रुपये पहुंच गया है। राजस्व में यह 40 प्रतिशत की वृद्धि विकास कार्यों को गति देगी। पहले शहर में डोर-टू-डोर कूड़ा उठाने के लिए करीब 200 वाहन लगे थे, जिनकी संख्या अब बढ़ाकर 300 कर दी गई है। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देहरादून ने देशभर में 19वां स्थान प्राप्त कर अपनी सफलता दर्ज कराई है।
अतिक्रमण पर चलेगा सरकार का हंटर
सीएम धामी ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि वे सरकारी और निगम की जमीनों को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए सक्रिय रहें। उन्होंने जनता से भी अपील की कि देहरादून को देश के शीर्ष स्वच्छ शहरों की श्रेणी में लाने के लिए एकजुट होकर प्रयास करें। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और मेयर सौरभ थपलियाल समेत कई विधायक मौजूद रहे।


