Shimla News: पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अनुराग सिंह ठाकुर ने सोमवार को अपने शिमला प्रवास के दौरान प्रसिद्ध जाखू मंदिर में भगवान हनुमान के दर्शन किए। इस मौके पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को भारतीय जनता पार्टी का मुख्य संकल्प बताया।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड से इस कानून की सफल शुरुआत हो चुकी है। आने वाले समय में देश के अन्य राज्यों में भी इसे चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। उन्होंने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि वह हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल राष्ट्र साबित हुआ है।
वैश्विक मंच पर अलग-थलग पड़ा पड़ोसी देश पाकिस्तान
वरिष्ठ भाजपा नेता ने कहा कि पड़ोसी देश केवल आतंकवाद को बढ़ावा देने में ही आगे रहा है। अपनी आंतरिक विफलताओं और खराब व्यवस्थाओं का दोष भारत पर मढ़ना उसकी पुरानी आदत है। भारत लगातार प्रगति कर रहा है, जबकि पाकिस्तान अपनी गलत नीतियों के कारण दुनिया में अलग-थलग पड़ गया है।
जाखू में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत आयोजित पौरोपण कार्यक्रम में उन्होंने भाग लिया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह पवित्र स्थान केवल गहरी आस्था का केंद्र नहीं है, बल्कि राष्ट्र सेवा और सकारात्मक ऊर्जा का भी बड़ा प्रतीक है। उन्होंने यहां पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना
उन्होंने हनुमान जी के चरणों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और विकसित भारत के संकल्प की सफलता के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कुशल नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और ऐतिहासिक राष्ट्र निर्माण के स्वर्णिम अध्याय रहे हैं।
अनुराग ठाकुर ने आर्थिक विकास पर कहा कि वर्ष 2014 में भारत दुनिया की 10वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था। आज हमारा देश विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। पिछले एक दशक में रिकॉर्ड 25 करोड़ से अधिक नागरिक गरीबी रेखा से सफलतापूर्वक बाहर आए हैं।
हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार से मिलीं बड़ी सौगातें
हिमाचल प्रदेश के संदर्भ में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राज्य को विकास की अभूतपूर्व सौगातें मिली हैं। एम्स बिलासपुर, नए मेडिकल कॉलेज, राष्ट्रीय राजमार्गों का विस्तार और सुदृढ़ रेलवे नेटवर्क जैसी बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं से लाखों गरीब परिवार सीधे लाभान्वित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत चालू वर्ष में हिमाचल के लिए 2,247 करोड़ रुपये की लागत वाली 294 ग्रामीण सड़क परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। केंद्र सरकार आपदा पुनर्निर्माण, पूंजीगत निवेश और बुनियादी विकास के लिए भी राज्य को सैकड़ों करोड़ रुपये जारी कर रही है।

