Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक बेहद हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र के बढ़ाल गांव में मंगलवार सुबह एक कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दर्दनाक हादसे में बाड़ी गांव के रहने वाले 30 वर्षीय युवक दिनेश शर्मा की असमय मौत हो गई।
यह दुखद घटना उस समय हुई जब दिनेश अपनी सगी बहन की शादी के बाद उसके ससुराल से वापस घर लौट रहा था। सोमवार रात को होशियारपुर के तलवाड़ा में उसकी बहन का विवाह संपन्न हुआ था। मंगलवार सुबह विदाई की रस्में पूरी करने के बाद वह अपनी गाड़ी से वापस आ रहा था।
हादसे के बाद काफी देर तक सड़क किनारे बेसुध पड़ा रहा घायल
बढ़ाल के पास अचानक कार दुर्घटना का शिकार हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद दिनेश किसी तरह हिम्मत जुटाकर वाहन से बाहर तो निकल आया, लेकिन सुबह का समय होने के कारण वहां से कोई राहगीर नहीं गुजरा और वह बेसुध पड़ा रहा।
काफी देर बाद स्थानीय ग्रामीणों ने उसे लहूलुहान हालत में सड़क किनारे देखा। उन्होंने तुरंत एक निजी वाहन का इंतजाम किया और घायल को नजदीकी अस्पताल ले गए। हालांकि, वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया।
छह महीने बाद होनी थी मृतक की शादी, खुशियां मातम में बदलीं
हादसे की सूचना मिलते ही संसारपुर टैरेस पुलिस थाना प्रभारी संजय शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और शव को कब्जे में ले लिया। कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए देहरा नागरिक अस्पताल भेज दिया गया है।
परिजनों ने रोते हुए बताया कि दिनेश की खुद की शादी भी ठीक छह महीने बाद होने वाली थी। घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस अनहोनी ने हंसते-खेलते परिवार की सारी खुशियां छीन लीं। जिस आंगन से सुबह डोली उठी थी, वहां भाई की मौत से मातम पसर गया।
देहरा के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से गहनता से जांच कर रही है। दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। वहीं, कांग्रेस महासचिव ठाकुर सुरेंद्र सिंह मनकोटिया ने इस घटना पर गहरा शोक जताया है।

