Mandi News: हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी एनएचएआई को जिला अदालत से बड़ा झटका लगा है। जिला न्यायाधीश मंडी की अदालत ने एनएचएआई द्वारा दायर उस याचिका को सिरे से खारिज कर दिया है, जिसमें मध्यस्थ के ब्याज देने के फैसले को चुनौती दी गई थी। अदालत ने कहा कि विस्थापितों को मुआवजे में देरी होने पर ब्याज पाने का पूरा हक है.
यह पूरा कानूनी मामला जिला मंडी की औट तहसील के अंतर्गत आने वाले कोठाधार गांव का है। यहां मनाली-चंडीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-21 को फोरलेन में बदलने के लिए दिवंगत सरन पाल की निजी भूमि और उस पर निर्मित ढांचे का सरकारी अधिग्रहण किया गया था। सक्षम प्राधिकारी ने इसके लिए साल 2018 में अनुपूरक मुआवजा निर्धारित किया था.
मुआवजे से असंतुष्ट भू-स्वामियों ने मध्यस्थ से लगाई थी गुहार
प्रभावित भू-स्वामी इस प्रशासनिक मुआवजे से संतुष्ट नहीं थे, जिसके बाद उन्होंने मंडी के मंडलायुक्त सह मध्यस्थ की अदालत में गुहार लगाई। मामले की विस्तृत सुनवाई के बाद मध्यस्थ ने भूमि मालिकों के पक्ष में फैसला सुनाया। उन्होंने प्रभावितों को पहले वर्ष के लिए नौ प्रतिशत और उसके बाद 15 प्रतिशत वार्षिक दर से ब्याज देने का आदेश दिया था.
एनएचएआई ने ब्याज दर को बताया था अवैध
इस फैसले के खिलाफ एनएचएआई ने जिला अदालत में धारा 34 के तहत याचिका दायर की। प्राधिकरण ने इस भारी ब्याज दर को अवैध और स्पष्ट कानूनी त्रुटि करार दिया। उनका मुख्य तर्क था कि राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम में नए भूमि अधिग्रहण कानून की धारा 80 के तहत ब्याज देने का कोई विशेष वित्तीय प्रविधान नहीं है.
मंडी जिला अदालत ने सर्वोच्च न्यायालय के ऐतिहासिक फैसलों का हवाला देते हुए एनएचएआई की इन सभी दलीलों को खारिज कर दिया। अदालत ने अपने आदेश में स्पष्ट किया कि भूमि अधिग्रहण एक कल्याणकारी कानून है। ऐसे में प्रभावित किसानों और मकान मालिकों को समय पर उचित मुआवजा और उस पर देय ब्याज देना पूरी तरह न्यायसंगत है.

