Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानमंडल का विशेष सत्र आज सुबह 11 बजे से शुरू होने जा रहा है। इस एक दिवसीय सत्र में महिला आरक्षण के मुद्दे पर विशेष चर्चा होगी। वहीं, इंदौर में एक भीषण सड़क हादसे में 15 लोगों की जान चली गई। दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने स्ट्रेट ऑफ हार्मुज बंद करने को लेकर ईरान की तुलना सूअर से कर दी।
यूपी विधानमंडल के विशेष सत्र में क्या होगा खास
उत्तर प्रदेश विधानमंडल का विशेष सत्र सुबह 11 बजे शुरू होगा। इस सत्र का मुख्य फोकस महिला आरक्षण के मुद्दे पर रहेगा। इस दौरान महिला सुरक्षा और उनके अधिकारों पर भी खुलकर चर्चा होने की उम्मीद है। रोजगार, शिक्षा और सामाजिक भागीदारी जैसे अहम विषयों को भी चर्चा में शामिल किए जाने की संभावना है। यह एक दिवसीय सत्र काफी हंगामेदार रहने के आसार हैं।
भाजपा लाएगी निंदा प्रस्ताव, विपक्ष रहेगा आक्रामक
सूत्रों के अनुसार, भाजपा सरकार इस विशेष सत्र में एक निंदा प्रस्ताव लेकर आएगी। हालांकि, विपक्षी दल भी पूरी तरह से तैयार हैं। विधानसभा और विधान परिषद दोनों सदनों में जमकर हंगामा होने की आशंका है। महिला आरक्षण को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिल सकती है। सरकार ने सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने के लिए रणनीति तैयार कर ली है।
इंदौर में दर्दनाक हादसा, पिकअप पलटने से 15 मरे
Indore News: इंदौर में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। संभागीय आयुक्त सुदाम खाड़े ने जानकारी दी कि एक पिकअप गाड़ी में करीब 46 लोग सवार थे। यह गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 15 लोगों की मौत की सूचना है। घायलों में से दो से तीन लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
मुख्यमंत्री ने की मुआवजे की घोषणा
इंदौर हादसे पर मुख्यमंत्री ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि गंभीर रूप से घायल लोगों का सही और मुफ्त इलाज सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि हर मृतक के परिवार को 4 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं, इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों को 1-1 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
ट्रंप ने ईरान को लेकर कही ये बड़ी बात
Washington News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर ईरान को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने स्ट्रेट ऑफ हार्मुज को बंद करने के मुद्दे पर ईरान की तुलना एक सूअर से कर डाली। ट्रंप ने कहा कि इस जलडमरूमध्य को बंद करने से ईरान की हालत ‘स्टफ्ड पिग’ जैसी हो गई है। उन्होंने दावा किया कि ईरान का दम घुट रहा है और वह अब कमजोर पड़ चुका है। यह बयान दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव के बीच आया है।


