खगड़िया: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, गलत दिशा से आए ट्रक ने बारात जा रहे युवकों को रौंदा, एक की मौत

Khagaria News: बिहार के खगड़िया जिले से मुंगेर बारात जा रहे दो युवकों के साथ बड़ा सड़क हादसा हो गया। एनएच-333बी पर साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में दूल्हे के चचेरे भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। इस घटना के बाद शादी वाले घर में कोहराम मच गया है।

गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने ली जान

प्राप्त जानकारी के अनुसार, खगड़िया के रहीमपुर निवासी विनय कुमार की शादी मुंगेर के नौवागढ़ में तय थी। बारात के ज्यादातर लोग गाड़ियों से रवाना हो चुके थे। इसी बीच 23 वर्षीय अजय कुमार मंडल अपने दोस्त संजीत कुमार मंडल के साथ बाइक से मुंगेर के लिए निकले थे। साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के हीरा टोल जीरोमाइल के पास गलत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी।

शादी के जश्न के बीच पसरा सन्नाटा

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और लहूलुहान हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर साहेबपुर कमाल थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को इलाज के लिए नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच के बाद अजय कुमार मंडल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल संजीत को बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल रेफर किया गया है।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

जैसे ही अजय की मौत की खबर बारात और उसके घर पहुंची, वहां शादी की खुशियां गम में बदल गईं। मृतक के परिवार में चीख-पुकार मची हुई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने कानूनी कार्यवाही करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और उसे परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अब फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है और मामले की जांच में जुटी है ताकि दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।

Hot this week

Related News

Popular Categories