Jamshedpur News: टाटानगर रेलवे स्टेशन के दूसरे छोर बर्मामाइंस क्षेत्र में सोमवार को रेल यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा। रेल यात्री संघर्ष समिति के बैनर तले सैकड़ों लोगों ने ट्रेनों की भयंकर लेटलतीफी के खिलाफ बड़ा हस्ताक्षर अभियान चलाया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने रेल प्रशासन के खिलाफ अपनी गंभीर नाराजगी जताई।
यात्रियों की रोजी-रोटी पर मंडराया संकट
हस्ताक्षर अभियान के संयोजक पप्पू राव और शिव शंकर सिंह ने आंदोलन का नेतृत्व किया। समिति ने चेतावनी दी कि यदि रेलवे ने समय सारणी में सुधार नहीं किया तो वे बड़े रेल अधिकारियों के बंगलों का घेराव करेंगे। यात्री लगातार हो रही इस भारी अनदेखी से बेहद परेशान हो चुके हैं।
प्रदर्शन के दौरान इस्पात मेल से करीब सात घंटे देरी से पहुंचे कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपना दर्द साझा किया। यात्रियों ने बताया कि रोज ट्रेन लेट होने से उनकी नौकरी पर बड़ा संकट मंडरा रहा है। दफ्तरों में उन्हें सैलरी कटौती और शो-कॉज नोटिस का सामना करना पड़ रहा है।
मालगाड़ियों को तरजीह देने पर उठे गंभीर सवाल
दैनिक यात्रियों ने आरोप लगाया कि रेल प्रशासन पैसेंजर ट्रेनों को लूप लाइन में रोक देता है। वे मुनाफे के लिए मालगाड़ियों को पहले पास कराते हैं। इस वजह से आम जनता की ट्रेनें घंटों फंसी रहती हैं। रेलवे की इस गलत नीति से नौकरीपेशा लोगों का जीना मुहाल हो गया है।
समिति के सदस्यों ने बताया कि आगामी 24 मई को घाटशिला में एक और हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद बड़ी बैठक कर आंदोलन के अगले चरण की रणनीतियां तय होंगी। इस मौके पर सुबोध श्रीवास्तव, कन्हैया सिंह, अमित शर्मा और शमशाद खान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित थे।
Author: Sourav Banerjee

