Delhi News: जून का महीना शुरू होते ही आम जनता के लिए एक बेहद जरूरी और काम की खबर सामने आई है। अगर आपको इस महीने बैंक में पैसे जमा करने, चेक क्लियर कराने या केवाईसी जैसे दस्तावेज से जुड़ा कोई काम है, तो आपको तुरंत सतर्क हो जाना चाहिए। इस महीने देश के अलग-अलग राज्यों में बैंक कुल 11 दिन बंद रहने वाले हैं।
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की आधिकारिक गाइडलाइंस के अनुसार, जून 2026 में रविवार और शनिवार की साप्ताहिक छुट्टियों के अलावा कई क्षेत्रीय त्योहारों के कारण भी विभिन्न राज्यों में कामकाज पूरी तरह ठप रहेगा। ऐसे में ग्राहकों को परेशानी से बचने के लिए अपनी बैंकिंग प्लानिंग समय रहते बहुत पहले ही कर लेनी चाहिए।
जून 2026 में छुट्टियों की पूरी लिस्ट
महीने की शुरुआत में ही 7 जून को रविवार के कारण देशभर के बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 13 जून को दूसरा शनिवार और 14 जून को फिर से रविवार का साप्ताहिक अवकाश रहेगा। वहीं 15 जून को वाईएमए डे और राजा संक्रांति के चलते केवल आइजोल और भुवनेश्वर सर्किलों में बैंकों के कपाट नहीं खुलेंगे।
आगे बढ़ते हुए 21 जून को रविवार का अवकाश रहेगा। इसके बाद त्योहारों का सिलसिला शुरू होगा, जिसमें 25 जून को मुहर्रम के मौके पर सिर्फ विजयवाड़ा में छुट्टी रहेगी, जबकि 26 जून को मुहर्रम के कारण देश के लगभग सभी प्रमुख हिस्सों में बैंक पूरी तरह बंद रहने वाले हैं।
महीने के आखिरी दिनों में 27 जून को चौथा शनिवार और 28 जून को रविवार होने के कारण देशभर में लगातार दो दिन बैंकिंग कामकाज नहीं होगा। इसके तुरंत बाद 29 जून को संत कबीर जयंती के मौके पर केवल शिमला और 30 जून को रेमना नि के अवसर पर सिर्फ आइजोल में छुट्टियां घोषित की गई हैं।
अटक सकते हैं ये महत्वपूर्ण काम
बैंकों में लगातार ताले लटके रहने से आम उपभोक्ताओं के कई जरूरी वित्तीय काम बीच में ही अटक सकते हैं। इनमें मुख्य रूप से चेक क्लीयरेंस, नया डिमांड ड्राफ्ट (DD) बनवाना, बैंक लॉकर से जुड़े काम, भारी-भरकम कैश ट्रांजैक्शन और लोन के लिए डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन जैसे काम शामिल हैं, जिनके लिए ब्रांच जाना जरूरी होता है।
इसके अलावा जिन ग्राहकों ने अभी तक अपनी केवाईसी (KYC) अपडेट नहीं कराई है, उन्हें भी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, राहत की बात यह है कि देश में ऑनलाइन बैंकिंग, मोबाइल ऐप्स और यूपीआई (UPI) जैसी डिजिटल सुविधाएं छुट्टियों के दौरान भी 24 घंटे सातों दिन पूरी तरह काम करती रहेंगी।
Author: Rajesh Kumar

