माता वैष्णो देवी मंदिर में 500 करोड़ रुपये के नकली चांदी चढ़ावे का आरोप, जम्मू कोर्ट ने क्राइम ब्रांच को रिकॉर्ड के साथ किया तलब

Katra News: जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले की कटरा तहसील में स्थित श्री माता वैष्णो देवी मंदिर में चढ़ावे से जुड़ा बड़ा मामला सामने आया है। मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए करीब 500 करोड़ रुपये के चांदी के चढ़ावे में मिलावट का आरोप लगा है। इस मामले में जम्मू की सी.जे.एम. अदालत ने कड़ा रुख अपनाया है।

- Advertisement -

अदालत ने क्राइम ब्रांच के जांच अधिकारी को किया तलब

जम्मू की चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच के जांच अधिकारी को तलब किया है। कोर्ट ने अधिकारी को पूरे रिकॉर्ड के साथ पेश होने का निर्देश दिया है। अदालत अब इस बड़े कथित घोटाले से जुड़े केस की अगली सुनवाई 29 जुलाई को करेगी।

एडवोकेट दीपक शर्मा की शिकायत पर शुरू हुई कानूनी प्रक्रिया

यह पूरा मामला एडवोकेट दीपक शर्मा की शिकायत के बाद प्रकाश में आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वैष्णो देवी श्राइन में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित की गई चांदी में मिलावट की गई है। शिकायतकर्ता ने इसके गलत इस्तेमाल की बात कहते हुए मामले में तुरंत एफ.आई.आर. दर्ज करने की मांग की थी।

पुलिस कार्रवाई पर शिकायतकर्ता ने कोर्ट में जताई कड़ी आपत्ति

शिकायत पर सही कार्रवाई न होने पर एडवोकेट दीपक शर्मा ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। क्राइम ब्रांच ने कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल कर कहा कि केस जम्मू ट्रांसफर किया गया है। इस पर शिकायतकर्ता ने आपत्ति जताते हुए कहा कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) के तहत जांच करना एजेंसी की जिम्मेदारी है।

- Advertisement -

स्टेटस रिपोर्ट में साक्ष्यों को सुरक्षित रखने का कोई जिक्र नहीं

शिकायतकर्ता ने दलील दी कि क्राइम ब्रांच दूसरी यूनिट को केस सौंपकर अपनी कानूनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि स्टेटस रिपोर्ट में इन्वेंट्री रजिस्टर, स्टॉक रिकॉर्ड और सी.सी.टी.वी. फुटेज जैसे जरूरी साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए उठाए गए कदमों की कोई जानकारी नहीं दी गई है।

टेस्टिंग में केवल 5 से 6 प्रतिशत ही पाई गई शुद्ध चांदी

शिकायत के अनुसार, करीब 20 टन चांदी के चढ़ावे को टेस्टिंग और प्रोसेसिंग के लिए भेजा गया था। इसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 550 करोड़ रुपये है। आरोप है कि जांच में केवल 5 से 6 प्रतिशत हिस्सा ही शुद्ध चांदी निकला, जबकि बाकी में कैडमियम और लोहे की मिलावट थी।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles