Ayodhya News: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में भव्य राम मंदिर के चढ़ावे में हुई चोरी के मामले में विशेष जांच टीम यानी एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट सार्वजनिक हो गई है। इस रिपोर्ट में बेहद चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जांच में सामने आया है कि मंदिर के शौचालय से नकदी बरामद की गई थी।
सीसीटीवी फुटेज से हुआ खुलासा, मात्र 40 दिनों में 70 बार हुई चोरी
एसआईटी की जांच रिपोर्ट के अनुसार, राम मंदिर परिसर के भीतर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने पर चोरी के पुख्ता सबूत मिले हैं। गिनती कक्ष के भीतर बेहद सुनियोजित तरीके से बार-बार चोरी की गई। महज 40 दिनों के भीतर कर्मचारियों को करीब 70 बार नकदी छिपाकर ले जाते देखा गया।
जेब और जुराबों में भरकर ले जाते थे चढ़ावे की बड़ी रकम
रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि आरोपी कर्मचारी अपनी जेबों और जुराबों में दान के रुपये भरकर बाहर ले जाते थे। जांच टीम ने आशंका जताई है कि इस निर्धारित अवधि से पहले भी लंबे समय से चोरी की जा रही थी, जिसे नकारा नहीं जा सकता है।
आठ आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी, छह के खिलाफ एफआईआर की सिफारिश
राम मंदिर ट्रस्ट के आवेदन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस एसआईटी का गठन किया था। मामले में अब तक आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि, जांच टीम ने मुख्य रूप से छह लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करने और आपराधिक साजिश की धाराओं में कार्रवाई की सिफारिश की है।
एसआईटी ने अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्र, लवकुश मिश्र, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडे और रामाशंकर मिश्र के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा चलाने की संस्तुति की है। इसके अलावा गिनती कक्ष के प्रभारी और कुछ पर्यवेक्षी अधिकारियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।
नियमों की अनदेखी बनी वजह, बिना जेब वाली ड्रेस नीति का नहीं हुआ पालन
जांच रिपोर्ट में सुरक्षा और प्रबंधन की गंभीर खामियों को उजागर किया गया है। मंदिर ट्रस्ट और भारतीय स्टेट बैंक के बीच तय हुई मानक कार्यप्रणाली यानी एसओपी का पालन नहीं किया गया। कर्मियों के प्रवेश और निकास पर तलाशी नहीं ली गई और उन्हें बिना जेब वाली ड्रेस भी नहीं दी गई थी।
एसआईटी के गठन से पहले ही बरामद किए गए थे लाखों रुपये
जांच में पता चला है कि एसआईटी के गठन से पहले ही ट्रस्ट ने कर्मचारियों से करीब 78.94 लाख रुपये, विदेशी मुद्रा और कीमती आभूषण बरामद कर लिए थे। चार जून को गिनती कक्ष के पास स्थित शौचालय से भी 2.25 लाख रुपये नकद मिले थे। आरोपियों के बैंक खातों में भारी लेनदेन मिला है।
सोशल मीडिया पर चांदी की ईंटें गायब होने के दावों की भी हो रही जांच
एसआईटी राम मंदिर से चांदी की ईंटें और अन्य बहुमूल्य चढ़ावे गायब होने के आरोपों की भी गहराई से जांच कर रही है। सोशल मीडिया पर उठी इन आवाजों को गंभीरता से लिया गया है। जांच टीम को अपनी फाइनल रिपोर्ट सौंपने के लिए 15 जुलाई तक का समय दिया गया है।

