Dehradun News: दिल्ली-देहरादून एलिवेटेड रोड पर बुधवार को यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। आठ किलोमीटर के दायरे में अलग-अलग जगहों पर पांच बड़े ट्रकों के अचानक खराब होने से वाहनों की रफ्तार थम गई। तेज रफ्तार कॉरिडोर पर भारी वाहनों के खड़े रहने से बड़ी दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी रही।
सड़क पर ट्रकों के अचानक खराब होने से पीछे लंबा जाम लग गया। इस एक्सप्रेस-वे पर सफर करने वाले यात्रियों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और क्रेन की टीम ने मौके पर पहुंचकर खराब ट्रकों को हटाने का काम तुरंत शुरू किया।
डाट मंदिर के पास बदला गया ट्रैफिक रूट
डाट मंदिर के पास पहाड़ों के कटान और पाइलिंग क्रेन से चल रहे कंस्ट्रक्शन वर्क के कारण ट्रैफिक मैनेजमेंट में बड़ा बदलाव किया गया है। प्रशासन ने फिलहाल डाट मंदिर मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया है। देहरादून जाने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों को सीधे एलिवेटेड रोड से भेजा जा रहा है।
इसके विपरीत देहरादून से सहारनपुर की तरफ आने वाले वाहनों को पुराने मार्ग से भेजा जा रहा है। इन गाड़ियों को करीब दो किलोमीटर आगे ले जाकर मुख्य एलिवेटेड रोड पर डायवर्ट किया गया है। इस नए रूट डायवर्जन के कारण वाहन चालकों को थोड़ी अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है।
भूस्खलन रोकने के लिए पहाड़ों का कड़ा कटान
हाईवे के अधिकारियों के अनुसार डाट मंदिर क्षेत्र में तीन बड़े पहाड़ों पर बहुत तेजी से कटान और सुरक्षा से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। यह पूरी कवायद भविष्य में होने वाले भूस्खलन की आशंका को खत्म करने के लिए की जा रही है, ताकि मानसून में यात्रियों को कोई खतरा न हो।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में एलिवेटेड मार्ग के अन्य संवेदनशील पहाड़ों पर भी इसी तरह चरणबद्ध तरीके से कटान कार्य कराया जाएगा। इस बड़े प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य बरसात के मौसम में पहाड़ों से गिरने वाले मलबे और पत्थरों से यात्रियों को पूरी सुरक्षा प्रदान करना है।

