Delhi News: दक्षिणी दिल्ली के तिगड़ी इलाके में बृहस्पतिवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। घरेलू कलह के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति घटनास्थल से फरार हो गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
मृतका की पहचान 33 वर्षीय कविता के रूप में हुई है। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटना के बाद मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से कारतूस के खाली खोखे भी मिले हैं। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी शुभम राजपूत की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
आर्थिक तंगी से ग्रस्त था दंपती
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि आरोपी शुभम राजपूत संगम विहार इलाके में स्थित अमृता पब्लिक स्कूल के पास रहता है। वह एक निजी कंपनी में फाइनेंस का काम करता है। डेढ़ साल पहले ही शुभम और कविता की शादी हुई थी। घर में आर्थिक तंगी को लेकर पति-पत्नी के बीच आए दिन झगड़ा होता रहता था।
घटना के दिन भी काम से घर लौटने के बाद दोनों में किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि शुभम अपना आपा खो बैठा और उसने पिस्टल निकालकर कविता पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। आरोपी की पिस्टल के बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश
आस-पास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। फिलहाल आरोपी पति का कहीं पता नहीं चल सका है। पुलिस की टीम आरोपी के संभावित ठिकानों पर लगातार छापामारी कर रही है। शुभम की गिरफ्तारी के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि आखिर उसने इतनी बड़ी वारदात को क्यों अंजाम दिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है ताकि मामले की गहन जांच की जा सके। इस घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि फरार आरोपी के भागने की दिशा का सही पता लगाकर उसे जल्द ही गिरफ्तार किया जा सके।

