Faridabad News: बल्लभगढ़ के पल्ला थाना क्षेत्र में एक बेहद खौफनाक वारदात सामने आई है। यहाँ एक पति ने अपनी छह महीने की गर्भवती पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पति ने पहले पत्नी के साथ बुरी तरह मारपीट की और फिर पानी से भरी बाल्टी में बार-बार उसका सिर डुबोकर जान ले ली।
मृतका की पहचान नेहा कुमारी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के मुजफ्फरपुर की रहने वाली थी। आरोपी पति अमित गुप्ता के साथ उसकी शादी पिछले साल अप्रैल में हुई थी। दंपति ने हाल ही में पंचशील कॉलोनी में अपना नया घर खरीदा था। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया है।
काम पर जाने की बात पर बढ़ा विवाद
मृतका के जीजा दिलीप कुमार के अनुसार, अमित पिछले पांच दिनों से अपने काम पर नहीं जा रहा था। गुरुवार की सुबह जब नेहा ने उसे काम पर जाने के लिए कहा, तो अमित भड़क उठा। दोनों के बीच शुरू हुई बहस देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। गुस्साए अमित ने नेहा को मारना शुरू कर दिया।
आरोपी ने पहले नेहा का चुन्नी से गला दबाने की कोशिश की। जब वह बच गई, तो उसने पानी से भरी बाल्टी में उसका सिर डुबोकर उसे हमेशा के लिए शांत कर दिया। हत्या करने के बाद आरोपी ने अपने चाचा को फोन किया और खुद के अपराध को स्वीकार करते हुए आगे की व्यवस्था देखने के लिए कहा।
शक के घेरे में रहता था आरोपी पति
जीजा दिलीप कुमार ने बताया कि नेहा का पति उस पर बेवजह शक करता था। वह उसे घर से बाहर निकलने से मना करता था और हमेशा अपने नियंत्रण में रखने की कोशिश करता था। इस घरेलू हिंसा के कारण नेहा अक्सर मानसिक दबाव में रहती थी। पुलिस ने अब आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और हर संभावित ठिकाने पर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मृतका के जीजा की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फॉरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच की मदद से मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरोपी अमित ग्राफिक्स डिजाइनर है और दिल्ली की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर कठोर कानूनी कार्रवाई पूरी की जाएगी।

