Ghaziabad News: मुरादनगर के एक कपड़ा कारोबारी के साथ साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन व्यापार के नाम पर 33.49 लाख रुपये की धोखाधड़ी की है। ठगों ने फेसबुक के जरिए दोस्ती की और मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक फर्जी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जोड़ दिया। शुरुआत में थोड़ा मुनाफा दिखाकर व्यापारियों का विश्वास जीतने के बाद अपराधियों ने बड़ी रकम हड़प ली।
पीड़ित कारोबारी ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि फेसबुक पर एक महिला ने उन्हें फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजी थी। धीरे-धीरे उनकी बातचीत शुरू हुई जो बाद में व्हाट्सएप पर पहुंच गई। महिला ने दावा किया कि वह एक ऑनलाइन स्टोर के जरिए विदेशों में सामान निर्यात करती है। उसने कारोबारी को भी इस काम से जोड़ लिया।
निवेश का झांसा देकर हड़पे लाखों रुपये
महिला ने कारोबारी को रोजाना लाखों की कमाई का सपना दिखाया। वेबसाइट से जुड़ने के बाद उन्होंने शुरुआत में कुछ छोटे ऑर्डर पूरे किए, जिसके बदले उन्हें कुछ रकम रिटर्न के तौर पर मिली। कारोबारी ने इसी लालच में आकर अपनी पत्नी, मां और भाई के बैंक खातों से भी पैसे निकाल कर अपराधियों के दिए खातों में ट्रांसफर कर दिए।
आरोपी ठगों ने अधिक मुनाफे के चक्कर में बड़े ऑर्डर का लालच देकर कारोबारी से लगातार पैसे जमा कराए। जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच कारोबारी ने करीब 45 किस्तों में 33.49 लाख रुपये अपराधियों के अलग-अलग बैंक खातों और यूपीआई आईडी में जमा कर दिए। जब कारोबारी ने अपनी निवेशित रकम वापस मांगी तो ठगों ने संपर्क बंद कर दिया।
साइबर क्राइम थाने में मुकदमा हुआ दर्ज
पैसे वापस न मिलने पर पीड़ित कारोबारी को खुद के साथ हुई बड़ी ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उसने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब बैंक खातों की जानकारी जुटाकर और आईपी एड्रेस के जरिए आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने सभी नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। किसी भी अनजान व्यक्ति के जरिए मिलने वाले मुनाफे के लालच में आकर अपनी जमा पूंजी कहीं भी निवेश न करें। साइबर अपराधी इसी तरह की तरकीब अपनाकर लोगों को अपना निशाना बनाते हैं। फिलहाल पुलिस इस गिरोह का पता लगाने के लिए गहनता से जांच कर रही है।

