New Delhi News: देश के करोड़ों किसानों के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM Kisan) योजना की अगली किस्त का इंतजार बढ़ता जा रहा है। केंद्र सरकार ने बीते 13 मार्च 2026 को इस योजना की 22वीं किस्त जारी की थी। इसके तहत पात्र किसानों के बैंक खातों में 2,000 रुपये सीधे भेजे गए थे।
अब लगभग तीन महीने का समय बीतने के बाद किसानों के बीच 23वीं किस्त को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। सोशल मीडिया और कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर 18 जून की तारीख को लेकर बड़ा दावा किया जा रहा है। किसान जानना चाहते हैं कि क्या सच में इस दिन पैसे आएंगे।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने अभी तक 23वीं किस्त जारी करने की कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की है। इसलिए 18 जून को किस्त आने की खबर की पुष्टि नहीं की जा सकती। हालांकि, सोशल मीडिया पर इस तारीख की चर्चा होने के पीछे एक बेहद खास वजह है।
साल 2024 के पुराने रिकॉर्ड से जोड़कर देखा जा रहा है लिंक
दरअसल, साल 2024 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम किसान योजना की 17वीं किस्त 18 जून को ही जारी की थी। उस समय देश के 9 करोड़ से अधिक किसानों के खातों में 20,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से ट्रांसफर की गई थी।
यही कारण है कि लोग अनुमान लगा रहे हैं कि सरकार इस बार भी 18 जून को ही अगली किस्त जारी कर सकती है। लेकिन जब तक सरकार की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं होती, तब तक इसे केवल एक अनुमान या अटकल ही माना जाएगा और इस पर भरोसा नहीं करना चाहिए।
पीएम किसान योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन बराबर किस्तों में यानी हर चार महीने पर 2,000 रुपये के रूप में मिलती है। पहली किस्त अप्रैल-जुलाई, दूसरी अगस्त-नवंबर और तीसरी दिसंबर-मार्च के बीच जारी होती है।
जानिए कब तक जारी हो सकती है 2,000 रुपये की अगली किस्त
इस पुराने पैटर्न को देखते हुए माना जा रहा है कि सरकार अगली किस्त जून के अंत या जुलाई की शुरुआत में जारी कर सकती है। किसानों के लिए सबसे जरूरी बात यह है कि वे अपनी पात्रता और आवेदन की स्थिति को समय रहते पोर्टल पर जरूर जांच लें।
अगर आपकी ई-केवाईसी (e-KYC), बैंक खाते से पहचान पत्र की लिंकिंग या भूमि सत्यापन से जुड़ी कोई समस्या होगी, तो किस्त रुक सकती है। किसान पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट pmkisan.gov.in पर जाकर आसानी से अपना बेनिफिशियरी स्टेटस चेक कर सकते हैं।
वेबसाइट के ‘Farmers Corner’ में जाकर ‘Beneficiary Status’ विकल्प पर क्लिक करें। इसके बाद अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और कैप्चा कोड दर्ज करें। मोबाइल पर आए ओटीपी को दर्ज करते ही भुगतान की पूरी जानकारी आ जाएगी। किसान किसी भी अफवाह में न आएं और केवल सरकारी घोषणा का इंतजार करें।
Author: Harikarishan Sharma

