Noida News: नोएडा में एक महिला साइबर ठग ने लेदर कारोबारी को डिजिटल गोल्ड ट्रेडिंग के नाम पर अपना शिकार बनाया है। आरोपी महिला ने करीब पांच महीने तक कारोबारी का भरोसा जीतकर उनसे 3.16 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने बुधवार को साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-150 के रहने वाले रवि लेदर उत्पादों के बड़े निर्यातक हैं और शेयर बाजार में रुचि रखते हैं। दिसंबर 2025 में उन्हें व्हाट्सएप पर एक मैसेज मिला। रिया नाम की एक महिला ने खुद को शंघाई गोल्ड एक्सचेंज की विशेषज्ञ बताया और उन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए ट्रेडिंग का झांसा दिया।
एप पर मुनाफा दिखाकर बढ़ाया कारोबारी का भरोसा
महिला ने कारोबारी को एक लिंक भेजा और एसजीए एक्स नामक एप डाउनलोड करवा दिया। कारोबारी ने शुरुआती निवेश के रूप में 44 हजार रुपये जमा किए, जिसके बदले उन्हें दो दिन में ही 19 हजार रुपये का मुनाफा मिला। रकम आसानी से खाते में वापस आने के कारण रवि ने महिला पर पूरा भरोसा कर लिया और निवेश बढ़ा दिया।
26 मई 2026 तक रवि ने 21 अलग-अलग किस्तों में कुल 3.16 करोड़ रुपये महिला द्वारा बताए गए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। एप के पोर्टफोलियो में उन्हें छह करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई दिखाई गई। जब उन्होंने रकम निकालने का प्रयास किया, तो महिला ने टैक्स या खाता फ्रीज होने का बहाना बनाकर उन्हें फिर से टरका दिया।
साइबर सुरक्षा के लिए पुलिस की कड़ी चेतावनी
धोखाधड़ी का अहसास होने पर कारोबारी ने तुरंत एनसीआरपी पोर्टल और साइबर क्राइम थाने में शिकायत की। डीसीपी साइबर सुरक्षा शैव्या गोयल ने बताया कि पुलिस आरोपियों द्वारा इस्तेमाल किए गए बैंक खातों की जानकारी जुटा रही है। बहुत जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस संदिग्ध खातों पर भी नजर रख रही है।
थाना प्रभारी विजय सिंह राना ने आम नागरिकों को ऐसी ठगी से बचने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि ठग घर बैठे पार्ट टाइम इनकम का लालच देकर लोगों को फंसाते हैं और डब्बा ब्रोकर एप पर फर्जी मुनाफा दिखाते हैं। कभी भी अनजान एप पर निवेश न करें और ठगी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।

