Bhadohi News: भदोही के गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के संसारापुर गांव में पारिवारिक विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया। घर के बंटवारे और हिस्से के कमरे को लेकर बड़े भाइयों ने छोटे भाई संजय सरोज की निर्मम हत्या कर दी। आरोपियों ने नुकीली लोहे की रॉड से संजय के सीने पर ताबड़तोड़ प्रहार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक संजय चार भाइयों में सबसे छोटा था और मुंबई में रहकर आटो चलाता था। वह 24 जून को ही अपने घर लौटा था। घर में आठ कमरे थे, जिनमें से छह पर बड़े भाइयों राजेंद्र उर्फ गोली और ललऊ ने कब्जा कर रखा था। अपने हिस्से का एक कमरा मांगने पर विवाद बढ़ा और खूनी खेल में बदल गया।
आरोपितों ने पुलिस टीम पर भी किया हमला
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पीआरवी पुलिस टीम पर भी हमलावरों ने धावा बोल दिया। इस दौरान सिपाही वीरेंद्र को हल्की चोटें आई हैं। हमला करने के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहे। फिलहाल पुलिस ने मृतक की पत्नी सावित्री देवी की तहरीर के आधार पर राजेंद्र, ललऊ और चंदा देवी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
घटना की जानकारी मिलते ही सीओ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। भदोही पुलिस की विभिन्न टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं। घर के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति को दोबारा बनने से समय रहते रोका जा सके।
परिवार का एकमात्र कमाने वाला था संजय
परिजनों के अनुसार, संजय ही पूरे परिवार की आजीविका का एकमात्र सहारा था। उसकी मौत के बाद अब पत्नी सावित्री और तीन छोटे बच्चों दीपक, सूरज व राखी के सामने भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। बच्चों के सिर से पिता का साया उठ जाने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और लोगों में भारी आक्रोश है।
सीओ चमन सिंह चावड़ा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 25 जून की रात कमरे के विवाद को लेकर पहले कहासुनी हुई और फिर लाठी-डंडों के साथ रॉड से हमला किया गया। जल्द ही आरोपियों को कानून के कटघरे में खड़ा किया जाएगा।

