Pune News: पुणे के ऐतिहासिक लोहागढ़ किले में हुए केतन अग्रवाल हत्याकांड के बाद प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस जांच के बीच खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने मुख्य आरोपी सिया गोयल के पिता की मार्केट यार्ड स्थित दुकान पर छापेमारी की है। नियमों के उल्लंघन के आरोप में इस दुकान को पूरी तरह सील कर दिया गया है।
एफडीए के आयुक्त तुकाराम मुंडे के सख्त निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। इस औचक निरीक्षण से पूरे मार्केट यार्ड के व्यापारिक क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। जांच टीम ने पाया कि यह दुकान बिना किसी वैध बिजनेस लाइसेंस के चलाई जा रही थी। इसके अलावा दुकान में रखा माल भी बेहद घटिया था।
प्रशासन ने नियमों की धज्जियां उड़ाने के आरोप में दुकान को दो दिनों के लिए बंद कर दिया है। टीम ने मौके से करीब 8 लाख रुपये की कीमत का 4,000 किलोग्राम मिलावटी सामान जब्त किया है। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध रूप से व्यापार करने वालों में डर का माहौल है।
प्रेमी के साथ मिलकर रची थी हत्या की खौफनाक साजिश
पुलिस जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ था कि केतन अग्रवाल की हत्या उसकी मंगेतर सिया गोयल ने की थी। सिया ने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर इस पूरी वारदात को अंजाम दिया। दोनों ने योजना के तहत केतन को लोहागढ़ किले की पहाड़ी पर बुलाया और वहां से नीचे धकेल दिया।
इस जघन्य हत्याकांड के बाद पुलिस ने दोनों मुख्य आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया था। फिलहाल पुलिस दोनों को रिमांड पर लेकर लगातार पूछताछ कर रही है। इस मामले में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं। इस हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है और लोग सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पीड़ित परिवार ने प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से मांगी न्याय की गुहार
इकलौते बेटे की बेरहमी से मौत के बाद केतन की मां ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बेहद भावुक पत्र लिखा है। उन्होंने लिखा कि हर मां की तरह उनका भी सपना था कि बेटा बुढ़ापे का सहारा बने। लेकिन उन्हें अपने बेटे का अंतिम संस्कार करना पड़ा। मां ने कहा कि उन्हें सिर्फ इंसाफ चाहिए।
इससे पहले केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को एक दर्दभरा ई-मेल भेजा था। उन्होंने एक टूटे हुए पिता के रूप में बेटे के लिए न्याय की मांग की है। विशाल अग्रवाल ने राष्ट्रपति से अपील की है कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए।
