Karnal News: हरियाणा के करनाल में नमस्ते चौक के नजदीक एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक बेकाबू और तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे अपनी बाइक के पास खड़े दो युवकों को बुरी तरह कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वारदात के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन सहित मौके से हुआ फरार
इस भीषण हादसे को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से अपने वाहन सहित फरार होने में कामयाब रहा। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर दोनों मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर मामले की गहन तफ्तीश शुरू कर दी है।
सड़क हादसे का शिकार हुए मृतकों में से एक युवक की पहचान ‘कमल’ के रूप में की गई है। जैसे ही इस दुखद हादसे की खबर कमल के परिजनों तक पहुंची, पूरे परिवार में कोहराम मच गया। नागरिक अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बहुत बुरा हाल है।
पुलिस खंगाल रही सीसीटीवी फुटेज, मोर्चरी हाउस भेजे गए शव
मामले की जानकारी देते हुए जांच अधिकारी राजबीर ने बताया कि नमस्ते चौक के नजदीक यह हादसा हुआ है, जहां एक अज्ञात ट्रक ने दो बाइक सवार युवकों को सीधी टक्कर मार दी। पुलिस अब हाईवे और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज की मदद से फरार आरोपी चालक और दुर्घटना करने वाले ट्रक की पहचान जल्द कर ली जाएगी। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के मोर्चरी हाउस में सुरक्षित रखवा दिया है।

