Chandigarh News: हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है। स्वास्थ्य विभाग ने लंबे इंतजार के बाद मेडिकल ऑफिसर भर्ती का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में कुल 431 उम्मीदवारों को सफल घोषित किया गया है।
चयनित डॉक्टरों के लिए अब सबसे महत्वपूर्ण प्रोसेस अपनी पसंद के स्टेशन या पोस्टिंग का विकल्प भरना है। विभाग ने सभी सफल अभ्यर्थियों को चॉइस फिलिंग के लिए चार दिन का समय दिया है। उम्मीदवार स्वास्थ्य विभाग की ऑफिशियल वेबसाइट पर लॉगिन करके अपना पसंदीदा विकल्प चुन सकते हैं।
चॉइस सबमिट करने की आखिरी तारीख 8 जुलाई तय
विभाग के अनुसार, ऑनलाइन विकल्प भरने की लास्ट डेट 8 जुलाई तय की गई है। हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अंतिम नियुक्ति का अधिकार विभाग के पास ही सुरक्षित रहेगा। प्रशासनिक आवश्यकता और डॉक्टरों की कमी को देखते हुए राज्य में कहीं भी तैनाती दी जा सकती है।
बता दें कि स्वास्थ्य विभाग ने पिछले साल 5 दिसंबर को 450 मेडिकल ऑफिसरों की भर्ती के लिए नोटिफिकेशन जारी किया था। पीजीआई रोहतक द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा के बाद जून महीने में सिलेक्टेड कैंडिडेट्स का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और बायोमीट्रिक मिलान पूरा किया गया था।
जनरल कैटेगरी की कटऑफ 76 अंक पर रही
इस पूरी सिलेक्शन प्रोसेस में जनरल कैटेगरी के लिए कटऑफ 76 अंक रही, जबकि एक्स-सर्विसमैन डिपेंडेंट कैटेगरी के लिए 66 अंक निर्धारित किए गए। विभाग ने बताया कि दिव्यांग वर्ग का रिजल्ट पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट में पेंडिंग याचिकाओं के कारण फिलहाल होल्ड पर रखा गया है।
वर्तमान में हरियाणा के सरकारी अस्पतालों में करीब 500 मेडिकल ऑफिसरों के पद खाली चल रहे हैं। इन 431 नए डॉक्टरों की जॉइनिंग से सरकारी अस्पतालों, कम्युनिटी हेल्थ सेंटर्स (सीएचसी) और प्राइमरी हेल्थ सेंटर्स (पीएचसी) में स्टाफ की कमी दूर होगी और स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी।

