Panchkula News: हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) द्वारा ग्रुप डी के लिए आयोजित किए जाने वाले कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) को लेकर बड़ी अपडेट आई है। परीक्षा के लिए अब तक 13 लाख से अधिक युवाओं ने फाइनल आवेदन किया है। आयोग ने अभ्यर्थियों को फॉर्म में गलतियां सुधारने का एक आखिरी मौका दिया है।
आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया पर दी जानकारी
आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। उन्होंने बताया कि ग्रुप डी अभ्यर्थियों के लिए करेक्शन पोर्टल 9 जुलाई, 2026 से 11 जुलाई, 2026 (रात 11:59 बजे तक) खुला रहेगा। इस समय सीमा के दौरान उम्मीदवार अपने आवेदन पत्र की कमियां दूर कर सकते हैं।
कैंडिडेट्स को एप्लीकेशन फॉर्म ध्यान से दोबारा देखने की सलाह
चेयरमैन ने कैंडिडेट्स को सलाह दी है कि वे अपने एप्लीकेशन फॉर्म को ध्यान से दोबारा देख लें। अगर फॉर्म में कोई भी गलती हो, तो उसे इस अवधि में तुरंत ठीक कर लें। आयोग ने करेक्शन पोर्टल के बारे में सुझाव देने के लिए उम्मीदवारों को एक गूगल फॉर्म का लिंक भी उपलब्ध कराया था।

दो दिन बढ़ाई गई थी ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि
बता दें कि ग्रुप डी परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया बीती 19 जून से शुरू हुई थी। पहले फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 3 जुलाई तय की गई थी। इसके बाद आयोग की तरफ से आवेदन की अवधि को दो दिन के लिए बढ़ाकर 5 जुलाई की रात 11 बजकर 59 मिनट कर दिया गया था।
कुल 15 लाख से ज्यादा युवाओं ने किया परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन
रविवार शाम तक कुल 15 लाख 65 हजार 178 अभ्यर्थियों ने ग्रुप डी सीईटी के लिए रजिस्ट्रेशन कराया है। इनमें से 13 लाख 94 हजार 723 युवाओं ने सभी औपचारिकताएं पूरी करके फॉर्म फाइनल सब्मिट कर दिया है। रविवार शाम तक करीब 1 लाख 70 हजार 455 युवाओं का फॉर्म अधूरा था।

