Sonipat News: हरियाणा के सोनीपत में एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। अपनी बड़ी बहन को एचटेट (HTET) की परीक्षा दिलाने के लिए मोटरसाइकिल से सोनीपत ला रहे एक 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में उसकी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई है। मृतक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
बिंदरौली फ्लाईओवर पर बोलेरो पिकअप चालक ने अचानक मारे ब्रेक
मिली जानकारी के अनुसार, गांव हलालपुर निवासी सुमित ने कुंडली थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके चाचा जसबीर का बेटा कपिल अपनी बड़ी बहन अंजलि को परीक्षा दिलाने जा रहा था। जैसे ही वे बिंदरौली फ्लाईओवर पर पहुंचे, तभी आगे चल रही एक बोलेरो पिकअप के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए।
पिकअप से टकराकर सड़क पर गिरे भाई-बहन, युवक की मौके पर मौत
अचानक ब्रेक लगने के कारण बाइक पीछे से सीधे पिकअप गाड़ी में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई-बहन सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में कपिल के सिर में बेहद गंभीर चोट लगने की वजह से उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
गंभीर रूप से घायल बहन को प्राथमिक उपचार के बाद पीगीआई रेफर किया
स्थानीय राहगीरों की मदद से घायल अंजलि को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी नागरिक अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार दिया और फिर बेहतर इलाज के लिए पीजीआई (PGI) रोहतक रेफर कर दिया। इस घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है।
कुंडली थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ दर्ज किया केस
कुंडली थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सेठी मलिक ने बताया कि पीड़ित परिवार से मिली लिखित शिकायत के आधार पर फरार बोलेरो पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।

