Karnal News: हरियाणा के करनाल जिले के गांव कुचपूरा से एक सनसनीखेज हत्याकांड की खबर सामने आई है। यहां अपनी बहन के घर आए साले जसविंदर की उसके जीजा और ससुराल पक्ष के लोगों ने तेजधार हथियार से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी परिवार मौके से फरार हो गया।
शादी के बाद से ही दहेज के लिए किया जाता था प्रताड़ित
मिली जानकारी के अनुसार, गांव रायसेन की रहने वाली जसविंदर की बहन की शादी एक साल पहले कुचपूरा में हुई थी। शादी के बाद से ही लड़की के ससुराल वाले लगातार कीमती सामान और दहेज की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर वे अक्सर विवाहिता के साथ मारपीट करते थे।
लाखों की भैंस और नकदी देने के बाद भी नहीं माने ससुराल वाले
मृतक के भाई ने बताया कि कुछ दिन पहले ही उन्होंने लड़की के ससुराल वालों को एक लाख रुपये की भैंस और नकदी भी दी थी। इसके बावजूद महिला के साथ मारपीट का सिलसिला थमा नहीं। शनिवार को प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने अपने भाइयों को फोन कर ससुराल से ले जाने के लिए बुलाया था।
बहन को बचाने आए भाइयों पर आरोपियों ने किया जानलेवा हमला
जब जसविंदर अपने दो भाइयों के साथ बहन के घर कुचपूरा पहुंचा, तो वहां पहले से तैयार बैठे ससुराल पक्ष के लोगों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। हमलावरों ने जसविंदर पर तेजधार हथियार से कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल जसविंदर ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और केस किया दर्ज
वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर जीजा और उसके परिजनों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस मार रही छापे
पुलिस जांच अधिकारी ने बताया कि कुचपूरा गांव में पारिवारिक विवाद के चलते इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष को निष्पक्ष जांच का पूरा भरोसा दिया है। पुलिस की कई टीमें फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं।

