Faridabad News: फरीदाबाद के बीपीटीपी पुल के पास आगरा नहर किनारे शनिवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने कार के भीतर महिला पर हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया। इसके बाद आरोपी घायल महिला को जबरन घसीटते हुए ले गया और उसके साथ नहर में छलांग लगा दी।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। नहर में दोनों की तलाश के लिए बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सेक्टर-31 की रहने वाली रजनी अपनी काले रंग की किया सोनेट कार से एतमादपुर निवासी अक्कू के साथ आई थी।
कार पर लगा है हरियाणा पुलिस का स्टीकर, जांच जारी
नहर किनारे कार के भीतर दोनों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि अक्कू ने रजनी पर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिए। लहूलुहान महिला जान बचाने के लिए कार से बाहर भागी, लेकिन आरोपी ने उसे दबोच लिया और साथ लेकर गहरे पानी में कूद गया।
घटनास्थल पर खड़ी पीड़िता की कार पर हरियाणा पुलिस का स्टीकर लगा हुआ मिला है। शुरुआती पुलिस जांच में यह सामने आया है कि महिला का सगा भाई पलवल पुलिस में तैनात है। पुलिस अब आरोपी और महिला के संबंधों के साथ ही इस खूनी वारदात के पीछे के मुख्य कारणों की जांच कर रही है।

