Pehowa News: हरियाणा के पिहोवा क्षेत्र में स्थित गरु चरांद गांव के श्मशान घाट में रविवार सुबह एक युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही डायल-112 और स्थानीय थाना पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान 25 वर्षीय रमनदीप के रूप में हुई है, जो इसी गांव का रहने वाला था। सुबह क्षेत्र में चल रहे एक सर्वे कार्य के दौरान वहां मौजूद लोगों ने शव को देखा और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
जांच अधिकारी असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) पवन कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को पेड़ से उतारकर अपने कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है। मृतक के पिता लंबे समय से बीमार हैं और परिवार आर्थिक तंगी से जूझ रहा है।
पुलिस अधिकारी अभी इस मामले में आत्महत्या के मुख्य कारणों की पुष्टि नहीं कर रहे हैं। पुलिस ने पीड़ित परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और मामले की हर कोण से गहन छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।

