Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के लाखों घरों में इन दिनों अंधेरा छाने लगा है। इसकी बड़ी वजह स्मार्ट प्रीपेड मीटर का नेगेटिव बैलेंस है। एक रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश में 50 लाख से ज्यादा लोग बकाएदार बन चुके हैं। बैलेंस माइनस में जाते ही विभाग लोगों के बिजली कनेक्शन तेजी से काट रहा है। लेकिन इस परेशानी के बीच उपभोक्ताओं के लिए एक राहत की खबर भी है। अब आपको अपना कनेक्शन वापस जुड़वाने के लिए बिजली दफ्तरों के धक्के नहीं खाने पड़ेंगे। आप घर बैठे अपने स्मार्टफोन की मदद से यह काम आसानी से कर सकते हैं।
अगर नेगेटिव बैलेंस की वजह से आपके घर की लाइट भी कट गई है, तो बिल्कुल परेशान न हों। सबसे पहले आपको अपने स्मार्ट प्रीपेड मीटर का बैलेंस हर हाल में पॉजिटिव करना होगा। यूपीपीसीएल (UPPCL) के नियमों के मुताबिक, आपको अपनी बकाया राशि से एक हजार रुपये ज्यादा का रिचार्ज करना होगा। ऐसा करने से आपका माइनस बैलेंस क्लियर हो जाएगा और मीटर में एक हजार रुपये जमा हो जाएंगे। पेमेंट सफलतापूर्वक हो जाने के बाद अपनी रसीद का स्क्रीनशॉट अपने फोन में जरूर सुरक्षित रख लें।
यूपीपीसीएल ऐप और फोन कॉल से ऐसे पाएं समाधान
मीटर रिचार्ज करने के बाद यूपीपीसीएल (UPPCL) स्मार्ट ऐप खोलें। ऐप के होम पेज पर नीचे की तरफ जाने पर आपको ‘कांटेक्ट अस’ (Contact US) का विकल्प दिखाई देगा। यहां ईमेल पर क्लिक करके 1912@pvvnl.org पर अपनी शिकायत दर्ज कराएं। ईमेल में अपना कस्टमर आईडी, कनेक्शन कटने का कारण और रिचार्ज का सही समय जरूर लिखें। इसके साथ ही अपनी पेमेंट की रसीद भी अटैच करें। ऐसा करने पर आपको ईमेल के जरिए ही एक कंप्लेंट नंबर मिल जाएगा।
जो लोग ईमेल करने में सहज नहीं हैं, वे विभाग को सीधे कॉल भी कर सकते हैं। यूपीपीसीएल ऐप में मौजूद ‘कॉल अस’ (Call Us) विकल्प पर जाएं और 1912 पर फोन मिलाएं। कॉल कनेक्ट होने पर कस्टमर केयर अधिकारी को अपनी समस्या विस्तार से बताएं। अधिकारी को रिचार्ज की राशि और समय की सटीक जानकारी दें। आपकी शिकायत दर्ज होने के बाद एक से दो घंटे के भीतर बिजली कनेक्शन वापस जुड़ जाएगा। सर्वर पर ज्यादा लोड होने की स्थिति में इस काम में दो से चार घंटे का समय भी लग सकता है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स से भी मिलेगी सीधी मदद
आजकल सोशल मीडिया के जरिए भी सरकारी विभागों से सीधा संपर्क किया जा सकता है। आप प्लेटफॉर्म एक्स (X) के जरिए अपना अनुरोध बिजली विभाग तक आसानी से पहुंचा सकते हैं। इसके लिए @UPPCLLKO को टैग करके अपनी समस्या लिखें और कनेक्शन शुरू करने की मांग करें। अपनी पोस्ट के साथ पेमेंट की रसीद जरूर शेयर करें। अपनी निजता बनाए रखने के लिए आप रसीद में अपना मोबाइल नंबर छिपा सकते हैं। इस प्रक्रिया के बाद 1912 हेल्पलाइन टीम आपसे खुद संपर्क करके समस्या का समाधान कर देगी।

