Himachal News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में ठगी का एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां भुंतर में एक शख्स ने खुद को पुलिसवाला बताकर एक लाचार नेपाली नागरिक को लूट लिया। पीड़ित अपने इलाज के लिए कांगड़ा जाने वाला था। उसकी जेब में सिर्फ पांच हजार रुपये बचे थे। वह भी इस फर्जी पुलिसवाले ने लूट लिए। अब पीड़ित दर-दर भटकने को मजबूर है।
फर्जी पुलिसवाले ने कैसे बिछाया जाल
ठगी का शिकार हुए व्यक्ति का नाम दिल्ली राम है। वह नेपाल के देइलेखा जिले का रहने वाला है। गुरुवार सुबह करीब साढ़े दस बजे वह भुंतर के सैनिक चौक पर खड़ा था। तभी काले रंग की स्कूटी पर एक अनजान शख्स वहां आया। उसने सिर पर हेलमेट पहन रखा था। लेकिन उसके कपड़े एकदम साधारण थे। उसने आते ही दिल्ली राम को धमकाना शुरू कर दिया।
पूछताछ के बहाने ले गया दूर
स्कूटी सवार ने कहा कि एक नेपाली चोरी करके भागा है। उसने कहा कि पुलिस को तुम पर शक है। पूछताछ के बहाने उसने दिल्ली राम को स्कूटी पर बैठा लिया। वह उसे भुंतर से पांच किलोमीटर दूर कुल्लू की तरफ ले गया। वहां एक सुनसान जगह पर उसने अपनी स्कूटी रोकी। तलाशी लेने के बहाने उसने जेब से पांच हजार रुपये निकाल लिए।
साहब से पूछने का किया नाटक
पैसे निकालने के बाद इस ठग ने एक और नाटक किया। उसने कहा कि वह अपने साहब से पूछकर आता है। इसके बाद वह पास की एक गली की तरफ भाग निकला। दिल्ली राम पौना घंटा तक सड़क किनारे उसका इंतजार करता रहा। जब वह वापस नहीं लौटा, तब उसे ठगी का अहसास हुआ। स्थानीय लोगों की सलाह पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
अब कैसे होगा गरीब का इलाज?
दिल्ली राम अपनी बीमारी का इलाज कराने हिमाचल आया था। उसे अपने एक साथी के साथ कांगड़ा के अस्पताल जाना था। लुटने के बाद अब उसके पास एक भी पैसा नहीं बचा है। उसे समझ नहीं आ रहा कि अब वह अपना इलाज कैसे करवाएगा। कुल्लू के पुलिस अधीक्षक का कहना है कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। शिकायत मिलने पर इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

