Bengaluru News: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां केआर पुरम थाना क्षेत्र में एक कलयुगी बेटी ने अपने लिव-इन पार्टनर के साथ मिलकर अपने ही माता-पिता और छोटी बहन की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी श्वेता और उसके पार्टनर केनेथ को पुडुचेरी से गिरफ्तार कर लिया है।
30 लाख रुपये का भारी-भरकम कर्ज बनी हत्या की मुख्य वजह
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी श्वेता और उसके पार्टनर केनेथ पर लगभग 30 लाख रुपये का भारी कर्ज था। केनेथ लगातार श्वेता पर अपने परिवार से पैसे मांगने का दबाव बना रहा था। वहीं, श्वेता की मां मुथुलक्ष्मी बेटी के लिव-इन रिलेशनशिप से बेहद नाराज थीं और उन्होंने किसी भी तरह की फाइनेंशियल हेल्प देने से साफ मना कर दिया था।
बिजनेस लोन के लिए घर के कीमती कागजात रखे थे गिरवी
जानकारी के मुताबिक, श्वेता और केनेथ एक प्राइवेट इंजीनियरिंग कॉलेज में साथ पढ़ते थे, जहां दोनों की दोस्ती लव अफेयर में बदल गई। दोनों सिगेहल्ली के एक फ्लैट में साथ रहने लगे। कुछ महीनों पहले दोनों ने एक नया बिजनेस प्लान तैयार किया और अपनी नौकरियां छोड़ दीं। व्यापार शुरू करने के लिए श्वेता ने अपने घर के दस्तावेज गिरवी रखकर लोन लिया था।
प्रॉपर्टी में हिस्सा मांगने पर परिवार में रोज होता था विवाद
परिवार में तनाव तब और ज्यादा बढ़ गया, जब श्वेता के माता-पिता के घर पर लोन न चुकाने के लीगल नोटिस आने लगे। इस भारी कर्ज को उतारने के लिए श्वेता अपने माता-पिता से प्रॉपर्टी में अपना हिस्सा मांगने लगी। इसी बात को लेकर मां-बेटी के बीच आए दिन गंभीर झगड़े होने लगे, जिसके बाद दोनों आरोपियों ने मर्डर का खौफनाक प्लान बनाया।
बहस बढ़ने पर बेटी ने मां पर चाकू से किए ताबड़तोड़ 10 वार
बीते रविवार को श्वेता की मां मुथुलक्ष्मी उससे मिलने केआर पुरम वाले फ्लैट पर आई थीं। रात के समय श्वेता और उसकी मां के बीच केनेथ से रिश्तों को लेकर बहस शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि श्वेता ने अपनी सगी मां पर चाकू से ताबड़तोड़ 10 वार कर दिए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
सबूत मिटाने के लिए गर्म पानी और मिर्च से धोया फर्श
इस वीभत्स हत्याकांड को अंजाम देने के बाद श्वेता और केनेथ ने लाश को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। दोनों आरोपियों ने घटनास्थल से खून के धब्बे और फॉरेंसिक सबूत मिटाने के लिए एक अजीब तरीका अपनाया। उन्होंने गर्म पानी में लाल मिर्च पाउडर मिलाकर पूरे कमरे के फर्श को अच्छी तरह साफ किया ताकि पुलिस को भटकाया जा सके।
राज खुलने के डर से पिता और छोटी बहन को भी उतारा मौत के घाट
अगले दिन जब श्वेता के पिता सोमसुंदर और छोटी बहन सुप्रिया, मुथुलक्ष्मी को ढूंढते हुए फ्लैट पर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर दंग रह गए। राज खुलने के डर से दोनों आरोपियों ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में सुप्रिया की तुरंत मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सोमसुंदर ने गेट के पास दम तोड़ दिया।
छत के रास्ते स्कूटी से भागे, पुडुचेरी बस स्टैंड से हुए गिरफ्तार
इस खौफनाक ट्रिपल मर्डर को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी छत के रास्ते दूसरे गेट से होते हुए स्कूटी से फरार हो गए। हालांकि, रास्ते में स्कूटी खराब होने के कारण दोनों अलग-अलग दिशाओं में भाग निकले। पुलिस की स्पेशल टीम ने पूरी तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को पुडुचेरी के एक बस स्टैंड के पास से धर दबोचा।

