Shimla News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के रिहायशी इलाके में तेंदुए की धमक से लोग सहमे हुए हैं। न्यू शिमला के सेक्टर-4 में बुधवार रात एक तेंदुए ने आवारा कुत्ते पर जानलेवा हमला कर दिया। घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में जंगली जानवर की लाइव मूवमेंट से स्थानीय निवासियों में भारी डर का माहौल बन गया है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ तेंदुए का खूंखार हमला
यह पूरी घटना वहां पास में ही लगे एक सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज के मुताबिक, रात करीब 9:04 बजे एक काला कुत्ता सड़क के किनारे आराम कर रहा था। इसी दौरान एक गाड़ी के पीछे छिपे तेंदुए ने अचानक उस पर हमला कर दिया और महज दो सेकेंड में उसे दबोच लिया।
इस खतरनाक हमले के कुछ ही सेकेंड बाद एक स्थानीय नागरिक वहां अपने पालतू डॉग के साथ टहलने निकला था। उसने तेंदुए को शिकार करते हुए देख लिया। व्यक्ति ने तुरंत हिम्मत दिखाई और डंडा दिखाकर तेंदुए को डराने का प्रयास किया। हालांकि, खतरा बढ़ता देख वह अपने पालतू जानवर के साथ तुरंत वहां से सुरक्षित पीछे हट गया।
घायल कुत्ते का पशु चिकित्सालय में चल रहा है इलाज
वन्यजीव विशेषज्ञों के अनुसार, रिहायशी इलाके में भागने के लिए सुरक्षित रास्ता नहीं मिलने पर तेंदुए ने कुछ दूरी पर जाकर घायल कुत्ते को छोड़ दिया। इस जानलेवा हमले में कुत्ते की गर्दन पर काफी गहरे घाव आए हैं। स्थानीय लोगों ने घायल जानवर को तुरंत पास के पशु चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
न्यू शिमला के स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जगह यह वारदात हुई, वहां थोड़ी ही दूरी पर बच्चे अक्सर खेलते रहते हैं। इस घनी आबादी वाले वीआईपी क्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। लोग देर रात तक ड्यूटी से घर लौटते हैं, जिससे सुरक्षा का खतरा बना हुआ है।
शिमला में शहरी इलाकों के पास जंगली जानवरों का आना अब लगातार बढ़ता जा रहा है। इससे पहले भी शहर के कई क्षेत्रों में तेंदुए इंसानों और पालतू जानवरों को अपना शिकार बना चुके हैं। स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग से इस क्षेत्र में तुरंत पिंजरा लगाने और गश्त बढ़ाने की मांग की है।

