Kinnaur Flood: हिमाचल के किन्नौर में मानसून की पहली बारिश में आई बाढ़, पुल और सड़कें बहने से जनजीवन प्रभावित

- Advertisement -

Kinnaur News: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले किन्नौर में मानसून की दस्तक के साथ ही भारी तबाही हुई है। बुधवार रात को हुई मूसलाधार बारिश के बाद भावा वैली सहित कई इलाकों में अचानक बाढ़ आ गई। इस प्राकृतिक आपदा से क्षेत्र के पुल, सड़कें और पेयजल सप्लाई नेटवर्क पूरी तरह चरमरा गए हैं।

प्रशासन से मिली आधिकारिक रिपोर्ट के मुताबिक इस आपदा में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। भावा वैली के सुरचो गांव में आई बाढ़ के कारण संपर्क जोड़ने वाला एक लकड़ी का अस्थायी पुल पानी में बह गया। पुल बहने से स्थानीय ग्रामीणों का मुख्य मार्ग से संपर्क टूट गया है।

- Advertisement -

बाढ़ के कारण कई गांवों का संपर्क मार्ग टूटा

दूसरी तरफ रिस्पा नाले में आई बाढ़ से मुख्य संपर्क सड़क मार्ग पूरी तरह ब्लॉक हो गया है। इसके कारण अब स्थानीय ग्रामीणों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक रास्ते का सहारा लेना पड़ रहा है। लोगों को करीब 15 से 16 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।

लिप्पा क्षेत्र की किरण खड़ में आई बाढ़ से भारी नुकसान दर्ज किया गया है। यहां पानी के तेज बहाव के कारण किरण पियांग कूहल सहित चोविंग, नमिंग और चस्पा इलाकों की ड्रिंकिंग वॉटर पाइपलाइन डैमेज हो गई है। इससे कई गांवों में पीने के पानी का गंभीर संकट गहरा गया है।

बैली ब्रिज पर खतरा और प्रशासन की तैयारी

लिप्पा गांव को जोड़ने वाला एकमात्र मुख्य बैली ब्रिज भी इस बाढ़ की चपेट में आ गया है। मलबे के कारण पुल को भारी खतरा पैदा हो गया था, जिसे बाद में मशीनों से साफ किया गया। स्थानीय पंचायत प्रधान यूसी नेगी ने पुल की सुरक्षा के लिए रिटेनिंग वॉल बनाने की मांग की है।

किन्नौर के उपायुक्त डॉ. अमित कुमार शर्मा ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान का जायजा लिया जा रहा है। लोक निर्माण विभाग को बंद सड़कें और पुल तुरंत बहाल करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है और हर स्थिति की लगातार मॉनिटरिंग कर रहा है।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles