Kinnaur News: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले से एक खौफनाक हादसा सामने आया है। राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर स्थित एक लोहे का बैली ब्रिज उस समय ढह गया, जब उस पर से बजरी से लदा एक भारी-भरकम डंपर गुजर रहा था। पुल के टूटते ही वाहन सीधे नीचे सतलुज नदी में समा गया, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
हादसे में ड्राइवर की चमत्कारिक रूप से बची जान
गनीमत यह रही कि नदी में पानी का स्तर काफी कम था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। डंपर गिरने के बावजूद ड्राइवर की जान सुरक्षित बच गई है और उसे केवल मामूली चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया है। इस घटना का वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है।
तीन जिलों का आपस में संपर्क पूरी तरह टूटा
यह पुल लाहौल-स्पीति के काजा और शिमला जिले को किन्नौर से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण लाइफलाइन था। पुल के धराशायी होने से इन तीनों जिलों का आपस में सड़क संपर्क पूरी तरह कट गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने तुरंत प्रभाव से इस मार्ग पर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही को प्रतिबंधित कर दिया है।
ओवरलोडिंग के कारण पुल सह न पाया भार
प्रारंभिक जांच में हादसे की बड़ी वजह ओवरलोडिंग सामने आ रही है। डंपर बजरी लेकर टापरी की ओर जा रहा था और जानकारी के अनुसार, वाहन में क्षमता से अधिक माल लोड था। जैसे ही ट्रक पुल के बीचो-बीच पहुंचा, पुल वजन का दबाव सहन नहीं कर पाया और दोनों छोर से उखड़कर नदी में गिर गया।

