हिमाचल के चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर भारी भूस्खलन, पहाड़ी से गिरे मलबे के कारण साढे चार घंटे थमा रहा ट्रैफिक

Chamba News: हिमाचल प्रदेश के चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर शनिवार दोपहर बाद अचानक एक बड़ा हादसा टल गया। रखालू माता मंदिर के पास पहाड़ी दरकने से भारी-भरकम चट्टानें और मलबा मुख्य सड़क पर आ गिरा। इस भूस्खलन के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप्प हो गई, जिससे दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं।

- Advertisement -

चंबा-तीसा मुख्य मार्ग पर भूस्खलन से फंसी सरकारी और निजी बसें

सड़क बंद होने से तीसा रूट पर चलने वाली कई सरकारी और निजी बसें बीच रास्ते में ही फंस गईं। चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी के बीच बसों और अन्य वाहनों में सवार यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे और मार्ग खुलने का इंतजार करते दिखे।

लोक निर्माण विभाग ने युद्धस्तर पर चलाया राहत और बचाव कार्य

स्थानीय लोगों ने तुरंत इस घटना की सूचना लोक निर्माण विभाग को दी। विभाग ने बिना देरी किए जेसीबी मशीनों के साथ फील्ड स्टाफ को मौके पर रवाना किया। भारी चट्टानों को हटाने के लिए टीम को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। युद्धस्तर पर चले इस ऑपरेशन के बाद शनिवार शाम करीब पांच बजे यातायात बहाल हो सका।

हादसे के वक्त सड़क पर कोई वाहन न होने से टली बड़ी अनहोनी

राहत की बात यह रही कि जब पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा टूटकर नीचे गिरा, तब वहां से कोई वाहन या राहगीर नहीं गुजर रहा था। इस वजह से हादसे में किसी तरह के जान-माल का नुकसान नहीं हुआ। रास्ता साफ होने के बाद ही फंसे हुए यात्रियों ने राहत की सांस ली और गंतव्य की ओर बढ़े।

- Advertisement -

अधिकारी ने दी मार्ग बहाली और लैंडस्लाइड के नुकसान की जानकारी

लोक निर्माण विभाग नकरोड़ उपमंडल के सहायक अभियंता इंजीनियर संजीव अत्री ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि रखालू माता मंदिर के समीप भूस्खलन से करीब साढ़े चार घंटे तक ट्रैफिक बाधित रहा। विभागीय टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए मलबे को साफ कर शनिवार शाम को वाहनों की आवाजाही दोबारा शुरू करवा दी थी।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles