Entertainment News: सनी देओल और अमीषा पटेल की सदाबहार फिल्म ‘गदर: एक प्रेम कथा’ की रिलीज को पूरे 25 साल हो चुके हैं। भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शुमार ‘गदर’ ने दोनों ही मुख्य कलाकारों को देश और दुनिया में जबरदस्त लोकप्रियता दिलाई थी।
इस ऐतिहासिक फिल्म की सिल्वर जुबली पूरी होने के खास मौके पर अभिनेत्री अमीषा पटेल ने खुद एक बड़ा और हैरान करने वाला खुलासा किया है। अभिनेत्री ने बताया कि शुरुआत में इस फिल्म में काम करने और सनी देओल के साथ स्क्रीन शेयर करने को लेकर उनके मन में काफी संशय था।
सनी संग उम्र के फासले पर था गहरा संदेह
मशहूर निर्देशक अनिल शर्मा के निर्देशन में बनी यह फिल्म 15 जून 2001 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म के 25 साल पूरे होने पर अमीषा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उम्र में कई साल बड़े सनी देओल के साथ रोमांस करने को लेकर वह पहले थोड़ी झिझक रही थीं।
अमीषा पटेल के मुताबिक उन्होंने मेकर्स से सीधे पूछा था कि क्या वह इस रोल के लिए बहुत छोटी नहीं दिखेंगी? हालांकि, जब निर्देशक ने उन्हें पूरी कहानी गहराई से समझाई, तब जाकर उन्हें तारा सिंह के रफ अंदाज और सकीना की बेपनाह नजाकत के बीच का असली अंतर समझ में आया।
500 लड़कियों के कड़े ऑडिशन के बाद चुना
फिल्म में ‘सकीना’ का कालजयी किरदार निभाना अमीषा पटेल के लिए बिल्कुल भी आसान नहीं था। इस रोल को पाने के लिए करीब 500 लड़कियों ने ऑडिशन दिया था। सबको पछाड़कर अमीषा चुनी गईं। इस रोल के लिए उन्होंने मस्जिदों का दौरा किया और उस दौर के इतिहास को बारीकी से पढ़ा।
इंटरव्यू के दौरान अमीषा पटेल ने सह-कलाकार सनी देओल की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि सनी बेहद शांत और मददगार स्वभाव के इंसान हैं। शूटिंग के वक्त जब भी वह परेशान होती थीं, तब सनी देओल बेहद आराम से चीजें समझाते थे। उन्होंने नई कलाकार होने के नाते मेरा पूरा साथ दिया।
बॉक्स ऑफिस पर सीक्वल ने भी मचाया तहलका
साल 2001 में महज 20 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘गदर’ ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचते हुए दुनिया भर में 117 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया था। इसके ठीक 22 साल बाद साल 2023 में मेकर्स इस ब्लॉकबस्टर फिल्म का दूसरा पार्ट यानी ‘गदर 2’ लेकर आए थे।
लगभग 75 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘गदर 2’ ने बॉक्स ऑफिस के कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ते हुए दुनिया भर में 691 करोड़ रुपये की रिकॉर्डतोड़ कमाई की थी। इस सीक्वल को भी दर्शकों का वही पुराना प्यार मिला और तारा-सकीना की जोड़ी एक बार फिर अमर हो गई।
Author: Manisha Thakur

