Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से महिला सुरक्षा को तार-तार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां एक मनचले ने युवती का घर से निकलना पूरी तरह मुश्किल कर दिया है। आरोपी युवक युवती पर जबरन दोस्ती और प्रेम संबंध बनाने का लगातार दबाव बना रहा है।
पीड़ित युवती द्वारा विरोध करने पर आरोपी उसे बीच रास्ते में रोककर अगवा करने और तेजाब से नहलाने की खौफनाक धमकी दे रहा है। इस संवेदनशील मामले में स्थानीय सदर बाजार थाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हुए हैं, जो शुरुआत में आरोपी के पक्ष में खड़ी नजर आई।
युवती की लिखित शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में तो लिया था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसे छोड़ दिया। थाने से छूटने के बाद आरोपी के हौसले और बुलंद हो गए। वह अब पीड़िता और उसके पूरे परिवार को सरेआम गोली मारने की धमकियां दे रहा है।
एसएसपी के दखल के बाद हुई कार्रवाई
स्थानीय पुलिस से कोई मदद न मिलने पर सहमी हुई पीड़ित युवती ने रो-रोकर जिले के एसएसपी अविनाश पांडेय से मुलाकात की। उसने एसएसपी को अपनी पूरी आपबीती सुनाई। एसएसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत सदर बाजार थाना पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के कड़े आदेश दिए।
सदर बाजार की एक कॉलोनी की रहने वाली पीड़िता ने बताया कि मोहल्ला रंगसाद का रहने वाला ऋषि एक आवारा किस्म का युवक है। वह पिछले दो सप्ताह से उस पर जबरन प्यार करने का दबाव बना रहा था। इनकार करने पर उसने 27 मई को रास्ते में छेड़छाड़ की।
आरोपी ने युवती का हाथ पकड़कर कहा कि यदि तुम मेरी नहीं हुई, तो मैं तुम्हें किसी और की भी नहीं होने दूंगा। इस खौफनाक घटना से डरी युवती ने घर पहुंचकर अपने परिजनों को पूरी बात बताई। इसके बाद परिजन थाने पहुंचे, लेकिन पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।
एसएसपी अविनाश पांडेय के सख्त रुख के बाद अब सदर बाजार थाना पुलिस ने आरोपी ऋषि के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की एक विशेष टीम आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है। पूरे इलाके में इस घटना की चर्चा है।
Author: Raj Thakur

