Jharkhand News: राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) ने वर्ष 2024 के ताजा आंकड़े जारी कर दिए हैं। इन आंकड़ों के अनुसार झारखंड में हत्या की घटनाओं में कमी दर्ज की गई है। रिपोर्ट के मुताबिक साल 2022 में राज्य के अंदर कुल 1550 हत्याएं हुई थीं। वहीं वर्ष 2024 में यह आंकड़ा 1472 पर आ गया है। इस तरह 2022 की तुलना में वर्ष 2024 में 75 हत्याएं कम हुई हैं। साल 2023 में राज्य में 1467 हत्या के मामले सामने आए थे।
आपसी रंजिश में छिन रही युवाओं की जान
राज्य में सर्वाधिक हत्याएं 18 से 30 वर्ष के युवाओं की हो रही हैं। इसका सबसे बड़ा कारण आपसी और व्यक्तिगत रंजिश है। आज के युवा वर्ग में सहनशीलता काफी कम हो गई है। छोटी-छोटी बातों पर दुश्मनी बढ़ जाती है और यही जानलेवा साबित होती है। आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2024 में 18 से 30 आयु वर्ग के 572 पुरुषों और 196 महिलाओं को अपनी जान गंवानी पड़ी है। प्रशासन इस बढ़ती आक्रामकता को लेकर काफी चिंतित है।
अन्य आयु वर्ग के चौंकाने वाले आंकड़े
युवाओं के अलावा अन्य आयु वर्ग के आंकड़े भी चिंताजनक हैं। इस साल 30 से 45 वर्ष आयु वर्ग वाले 135 पुरुषों और 33 महिलाओं की हत्या रिकॉर्ड की गई है। बच्चों के मामले में स्थिति डराने वाली है। छह साल से कम उम्र के दो लड़कों की हत्या हुई है। वहीं छह से 12 साल आयु वर्ग में पांच लड़कियों और 16 से 18 आयु वर्ग में एक लड़के और एक लड़की की जान गई है।
संपत्ति विवाद और रंजिश बनी जानलेवा
साल 2024 में कुल 1472 हत्याएं हुई हैं। इन मामलों में संपत्ति और जमीन का लालच मुख्य कारण बनकर उभरा है। राज्य में संपत्ति हड़पने को लेकर सर्वाधिक 720 लोग मारे गए हैं। इसके अलावा जमीन विवाद में 99 और पारिवारिक विवाद के कारण 44 हत्याएं हुई हैं। व्यक्तिगत रंजिश के चलते 294 लोगों को मौत के घाट उतारा गया है। इसी तरह धन संबंधी विवाद में 47 और दुर्घटना संबंधित विवाद में 15 लोगों ने जान गंवाई है।
प्रेम प्रसंग और डायन प्रथा से जुड़ी हत्याएं
झारखंड में अंधविश्वास और प्रेम प्रसंग के कारण भी कई गंभीर अपराध सामने आए हैं। समाज में फैली डायन प्रथा के चलते पांच महिलाओं को डायन बताकर उनकी हत्या कर दी गई है। राज्य में झूठी शान यानी ऑनर किलिंग के नाम पर पांच लोगों को मारा गया है। प्रेम प्रसंग के मामलों में कुल 33 लोगों की जान गई है। इसके साथ ही अवैध संबंधों के शक और विवाद में नौ लोगों की हत्या पुलिस रिकॉर्ड में दर्ज है।


