Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला की पंडोह पुलिस चौकी के हेड कांस्टेबल मनोज ठाकुर को सोशल मीडिया पर बदनाम करने की साजिश का मामला सामने आया है। एक महिला ने कथित तौर पर झूठी और एडिटेड वीडियो बनाकर पुलिस अफसर की छवि खराब करने की कोशिश की है। पुलिस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जमीन विवाद की जांच के दौरान पुलिस पर बनाया दबाव
पुलिस अधिकारी हेड कांस्टेबल मनोज ठाकुर द्वारा फेसबुक पर जारी बयान के अनुसार शांता ठाकुर नामक महिला ने 16 मई 2026 को अपनी बहन निशा के खिलाफ छह बीघा जमीन की वसीयत को लेकर शिकायत दी थी। जब पुलिस टीम मौके पर जांच के लिए पहुंची तो शांता और उसके भांजे दुष्यंत ने जमकर हंगामा खड़ा कर दिया। उन्होंने सरकारी काम में बाधा डाली।
आरोपी महिला ने नियमों का उल्लंघन करते हुए मौके पर फेसबुक लाइव रिपोर्टिंग शुरू कर दी। उसने पुलिस कर्मचारियों पर अपने पक्ष में फैसला करने का भारी दबाव बनाया। इसके बाद 21 मई को दोबारा चौकी आकर पुलिस हेड कांस्टेबल को सरेआम नौकरी से बदलवाने की धमकी दी, जिसकी रपट भी भारतीय न्याय संहिता में दर्ज है।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई आरोपी महिला की करतूत
उन्होंने अपनी फेसबुक पोस्ट पर लिखा कि बीते कल 9 जून 2026 को महिला सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे दोबारा पंडोह चौकी आई। उस समय मुंशी दफ्तर में अन्य पुलिस कर्मचारी मौजूद थे। काम की व्यस्तता के कारण महिला को सिर्फ पांच मिनट इंतजार करने के लिए कहा गया। इससे नाराज होकर उसने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बनाना शुरू कर दिया।
सुरक्षा कारणों से जब महिला को ऑफिस के अंदर वीडियो बनाने से रोका गया, तो वह धमकी देते हुए बाहर चली गई। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में साफ रिकॉर्ड हुई है। इसके बाद महिला ने राइट न्यूज चैनल के साथ मिलकर सोशल मीडिया पर पुलिस अफसर की फर्जी वीडियो पोस्ट कर दी।
आपको बता दें कि अभी 21 अप्रैल को हाई कोर्ट के (अभिषेक कुमार रिपोर्टर: राइट न्यूज इंडिया बनाम सरकार हिमाचल प्रदेश) आदेशों के अनुसार थानें में वीडियो बनाना अपराध नहीं है और उसके लिए व्यक्ति का पत्रकार होना जरूरी नहीं है। अर्थात महिला को वीडियो बनाने से रोकने पर हाई कोर्ट के आदेशों की अवहेलना हुई है। जोकि एक गंभीर अपराध है और कम से कम 6 महीने जेल की सजा का प्रावधान है।
फर्जी न्यूज चैनल और महिला के खिलाफ केस दर्ज
उन्होंने कहा कि इस एडिटेड वीडियो में पुलिस अधिकारी को जान से मारने की धमकी दी गई है और उनकी वर्दी वाली फोटो का गलत इस्तेमाल किया गया है। पुलिस ने तथ्यों की पुष्टि किए बिना भ्रामक खबर चलाने वाले चैनल और महिला के खिलाफ पंडोह चौकी में रपट दर्ज कर ली है।
Reported By: Sunita Gupta


