Shimla News: हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविंदर गुप्ता ने पड़ोसी देश पाकिस्तान को लेकर एक बेहद बड़ा और चौंकाने वाला दावा किया है। उन्होंने भविष्यवाणी करते हुए कहा है कि पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) में चल रही भीषण अशांति के कारण वह इलाका जल्द ही इस्लामाबाद के अवैध कब्जे से पूरी तरह आजाद हो जाएगा।
गवर्नर कविंदर गुप्ता ने PoJK में प्रदर्शनकारियों पर हो रही मौजूदा सैन्य कार्रवाई की तुलना साल 1971 के पूर्वी पाकिस्तान के हालातों से की है। उन्होंने कहा कि जिस तरह तब पाकिस्तान के अत्याचारों के कारण बांग्लादेश का जन्म हुआ था, ठीक वैसे ही हालात आज एक बार फिर पाकिस्तान के भीतर पैदा हो चुके हैं।
बलोचिस्तान, सिंध और खैबर पख्तूनख्वा सब होना चाहते हैं अलग
पड़ोसी देश के हालातों को बेहद गंभीर बताते हुए राज्यपाल ने कहा कि पाकिस्तान बहुत जल्द खुद-ब-खुद टूट जाएगा और दुनिया के नक्शे से उसका वजूद पूरी तरह मिट जाएगा। आज पाकिस्तान का हर प्रमुख इलाका चाहे वह बलूचिस्तान हो, खैबर पख्तूनख्वा हो या सिंध, सभी उससे पूरी तरह अलग होना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि PoJK के हालात बेहद दुखद हैं। वहां के नागरिकों पर हो रहे जुल्म वैसे ही हैं जैसे पाकिस्तान ने 1971 में किए थे। इतिहास गवाह है कि इसी सैन्य दमन की वजह से पाकिस्तान दो हिस्सों में बंट गया था। वर्तमान शासक इतिहास से कोई सबक लेने को बिल्कुल तैयार नहीं हैं।
मांगें पूरी करने के बजाय आम जनता पर गोलियां चला रही पाकिस्तानी सेना
कविंदर गुप्ता ने पाकिस्तानी हुकूमत पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि PoJK में आम प्रदर्शनकारी सिर्फ बिजली, आटा जैसी बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे थे। लेकिन सरकार ने उनकी जायज मांगों को पूरा करने के बजाय निहत्थे नागरिकों पर सीधे AK-47 से गोलियां चलवा दीं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पाकिस्तानी सेना आज भी लूटपाट और मानवाधिकारों के उल्लंघन जैसी शर्मनाक घटनाओं में शामिल है। अतीत में जो क्रूरता याह्या खान और ज़ुल्फिकार अली भुट्टो ने दिखाई थी, आज ठीक वही सब जनरल आसिम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की जोड़ी मिलकर वहां दोहरा रही है।
PoJK के नागरिक कर रहे हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास कार्यों की तारीफ
भारत का मजबूत पक्ष रखते हुए राज्यपाल ने कहा कि PoJK हमेशा से हमारा अभिन्न हिस्सा रहा है और वहां के नागरिकों के लिए चिंता होना स्वाभाविक है। पाकिस्तान ने कभी भी कश्मीर के लोगों को अपना नहीं माना। यही वजह है कि अब PoJK के लोग भी भारत की प्रगति देखकर पीएम मोदी की तारीफ कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के शासक अपनी तिजोरियां भरने में व्यस्त हैं और वहां के लोग दाने-दाने को तरस रहे हैं। भारत की तरक्की और मजबूत कूटनीति की तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि आज हमारे पास बेहतरीन एयरपोर्ट, स्वास्थ्य सेवाएं और आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं हैं, जिससे जम्मू-कश्मीर में पूरी तरह शांति बहाल हो चुकी है।
Author: Sunita Gupta


