हरविंद्र सिंह हत्याकांड में खौफनाक खुलासा, तीन बालिग जेल और एक नाबालिग बाल सुधार गृह भेजा गया

Himachal Pradesh News: चम्बा जिले के चुराह क्षेत्र स्थित कल्हेल में हुए हरविंद्र सिंह हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान रोंगटे खड़े कर देने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस ने इस निर्मम मर्डर केस में तीन वयस्कों के साथ-साथ एक किशोर को भी गिरफ्तार किया है। इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

हत्यारों ने बैल्ट से बेरहमी से पीटा और साक्ष्य जलाए

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने हरविंद्र को मौत के घाट उतारने से पहले अत्यंत बेरहमी से पीटा था। आरोपियों ने युवक को बैल्ट से बुरी तरह मारा। इसके बाद पुलिस से बचने और साक्ष्य नष्ट करने के लिए शातिरों ने वारदात में इस्तेमाल की गई बैल्ट और मृतक की शर्ट को आग लगा दी।

हादसा दिखाने के लिए नाले में फैंका था शव

आरोपियों ने इस पूरी वारदात को एक एक्सीडेंट का रूप देने की खौफनाक साजिश रची थी। उन्होंने हरविंद्र का शव कल्हेल पुल के पास एक नाले में फैंक दिया ताकि लोग इसे महज एक हादसा समझें। हालांकि कत्ल के बाद मृतक का मोबाइल और चार्जर उसी कमरे में छूटने से आरोपियों की पोल खुल गई।

सीसीटीवी फुटेज से पुलिस ने दबोचे शातिर कातिल

घटना की रात जब पुलिस ने जांच शुरू की तो सबसे बड़ा और अहम सुराग सीसीटीवी फुटेज से मिला। फुटेज में कुछ लोग युवक को जबरन कमरे से निकालकर एक कार में बैठाते दिखे। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने तुरंत उस गाड़ी की पहचान की और चारों हत्यारों को दबोच लिया।

तीनों मुख्य आरोपी जेल और किशोर बाल सुधार गृह रवाना

चार दिनों का पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद वीरवार को मुख्य आरोपी दिलीप कुमार, मुकेश कुमार और याकेश कुमार को चम्बा कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने तीनों को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं वारदात में शामिल नाबालिग को ऊना स्थित बाल सुधार गृह भेजा गया है।

इस पूरे मामले पर एसपी विजय कुमार सकलानी ने बताया कि पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। रिमांड के दौरान जुटाए गए वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्य अदालत में पेश कर दिए गए हैं। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।

Reported By: Sunita Gupta

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories