New Delhi News: देश में गर्मी का पारा 45 डिग्री के पार पहुंच रहा है। ऐसे तपते मौसम में लोगों का रुझान ठंडी चीजों की ओर तेजी से बढ़ जाता है। इसी बीच मुकेश अंबानी के छोटे बेटे अनंत अंबानी की ओर से लॉन्च की गई ‘वनतारा क्रीमरी’ आइसक्रीम की बाजार में भारी चर्चा शुरू हो गई है।
इस नई आइसक्रीम को शानदार 17 फ्लेवर के साथ मार्केट में उतारा गया है। आपको जानकर हैरानी होगी कि देश में आइसक्रीम का पूरा कारोबार इस समय 30 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा बड़ा हो चुका है। एक्सपर्ट्स के मुताबिक अगले 10 सालों में इसका साइज तीन गुना से भी ज्यादा बढ़ने वाला है।
पांच सालों में दोगुना हुआ आइसक्रीम का पूरा बाजार
आईमार्क की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, भारत में आइसक्रीम बाजार का मूल्य साल 2025 में 31,276 करोड़ रुपये दर्ज किया गया है। जबकि साल 2020 में यह मार्केट महज 14,800 करोड़ रुपये का था। इसका साफ मतलब है कि देश में आइसक्रीम का बाजार सिर्फ 5 साल में दोगुना हो चुका है।
रिपोर्ट के अनुमान के मुताबिक साल 2030 तक देश में आइसक्रीम का मार्केट 65,780 करोड़ रुपये का हो जाएगा। यही वजह है कि देश का सबसे अमीर अंबानी परिवार इस बड़े बिजनेस में कूदा है। साल 2034 तक यह कारोबार 1.19 लाख करोड़ रुपये के ऐतिहासिक आंकड़े को पार कर सकता है।
क्विक-कॉमर्स और बदलती लाइफस्टाइल से मिली रफ्तार
आर्थिक विश्लेषकों के अनुसार वर्ष 2026 से 2034 के बीच भारतीय आइसक्रीम कारोबार की ग्रोथ 16.03 फीसदी की शानदार सीएजीआर से आगे बढ़ेगी। इस मजबूत ग्रोथ को लोगों की बढ़ती आमदनी, तेजी से होते शहरीकरण, क्विक-कॉमर्स के विस्तार और मजबूत कोल्ड चेन इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास से भारी बढ़ावा मिल रहा है।
बाजार में इस समय चलते-फिरते खाई जाने वाली ‘इम्पल्स आइसक्रीम’ का सबसे ज्यादा 59.62 फीसदी दबदबा है। फ्लेवर की बात करें तो कुल रेवेन्यू में चॉकलेट फ्लेवर 31.05 फीसदी हिस्सेदारी के साथ टॉप पर है। इसके बाद वनीला 28.42 फीसदी और फ्रूट फ्लेवर 24.63 फीसदी हिस्सेदारी के साथ दूसरे व तीसरे स्थान पर हैं।
महाराष्ट्र अव्वल और सरकार की पीएलआई स्कीम का सहारा
देश के सभी राज्यों में महाराष्ट्र 12 फीसदी हिस्सेदारी के साथ सबसे आगे चल रहा है। इसे मुंबई और पुणे जैसे बड़े शहरी उपभोक्ता आधार का भरपूर लाभ मिल रहा है। इस उद्योग को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार ने फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज के लिए 10,900 करोड़ रुपये की पीएलआई स्कीम मंजूर की है।
भारत दुनिया का सबसे बड़ा दूध उत्पादक देश है, जो इस इंडस्ट्री को मजबूत आधार देता है। अब वनतारा क्रीमरी की एंट्री से बाजार का गणित पूरी तरह बदलने वाला है। जैसे रिलायंस ने ‘कैंपा’ ब्रांड से पेप्सी और कोका-कोला को टक्कर दी है, वैसे ही अब क्वालिटी वॉल्स और बास्किन रॉबिंस जैसे विदेशी ब्रांड्स की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
Author: Rajesh Kumar


