Ayodhya News: राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले के आरोपियों में शामिल अविनाश शुक्ला ने पूछताछ के दौरान बड़ा खुलासा किया है। उसने कथित तौर पर स्वीकार किया है कि उसने गबन की रकम में से लगभग 19 लाख रुपए अपने मित्रों और परिजनों पर पानी की तरह खर्च किए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार शुक्ला ने जांचकर्ताओं को बताया कि उसने अपने एक भाई के विवाह समारोह पर लगभग 6 लाख रुपए खर्च किए थे। इसके साथ ही उसने अपने दूसरे भाई को भी 5 लाख रुपए नकद दिए थे। पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि उसने कार खरीदी थी।
अविनाश के भाइयों से पुलिस की कड़ाई से पूछताछ
आरोपी अविनाश शुक्ला द्वारा लगभग 3.5 लाख रुपए में खरीदी गई कार को पुलिस ने बरामद कर लिया है। सूत्रों ने दावा किया कि अविनाश ने अपने एक मित्र के बैंक खाते में लगभग 2.5 लाख रुपए भी हस्तांतरित किए और उसे एक महंगा मोबाइल फोन उपहार में दिया।
पुलिस के अनुसार जांच में यह भी सामने आया कि उसने कई अन्य लोगों को भी छोटी-छोटी रकम वितरित की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अविनाश के दो भाइयों से कड़ाई से पूछताछ की है और जांच से संबंधित कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए हैं।
लाखों कैश के साथ अमेरिकी डॉलर और सोना बरामद
अधिकारियों के अनुसार उसके भाई अभिषेक शुक्ला के नाम वर्ष 2024 में खरीदी गई भूमि की गहन जांच की जा रही है। इसके साथ ही उन बैंक खातों की भी पड़ताल की जा रही है, जिनमें कथित तौर पर गबन की अवैध धनराशि को ऑनलाइन ट्रांसफर किया गया था।
विभिन्न लोगों को हस्तांतरित की गई राशि की वसूली के लिए सख्त कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार अविनाश शुक्ला के कब्जे से 20.39 लाख रुपए नकद, 1,121 अमेरिकी डॉलर, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान बरामद किए गए हैं।

