Himachal Pradesh News: कांगड़ा जिले के जवाली पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक व्यक्ति की गला रेतकर निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। राज्य में पिछले 12 दिनों के भीतर यह चौथा मर्डर केस है। लगातार हो रही इन वारदातों ने राज्य की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बेही पठियार पंचायत के मंडोल गांव में 45 वर्षीय सुभाष चंद्र की उनके कार्यस्थल पर ही हत्या कर दी गई। मृतक लोहे के औजार बनाने का काम करता था। पुलिस ने मृतक की पत्नी की लिखित शिकायत के आधार पर अज्ञात हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, हत्यारा और हथियार तलाशने में जुटी पुलिस
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल यह हत्याकांड एक पहेली बना हुआ है क्योंकि पुलिस को अब तक न तो हत्यारे का सुराग मिला है और न ही वारदात में इस्तेमाल किया गया तेजधार हथियार बरामद हुआ है।
घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं, जिसके आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पुलिस प्रशासन ने दावा किया है कि इस मर्डर मिस्ट्री को सुलझाने के लिए अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिमाचल प्रदेश में पिछले 12 दिनों में कानून व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल
इस ताजा घटना से पहले 13 जून को शिमला के संजौली में एक निजी स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की गोली मारकर हत्या की गई थी। इसके बाद 16 जून को शिमला के रोहड़ू में चोरी के इरादे से आए नेपाली नागरिकों ने एक बुजुर्ग महिला को मौत के घाट उतार दिया था।
इसके अलावा 22 जून को मंडी जिले के सुंदरनगर में एक कलयुगी बेटे ने अपनी सगी मां की हत्या कर दी थी, जो सचिवालय में कार्यरत थीं। लगातार हो रही इन आपराधिक घटनाओं से स्थानीय जनता और राज्य के प्रबुद्ध नागरिकों में कानून एवं सुरक्षा को लेकर भारी चिंता और आक्रोश देखा जा रहा है।

