Palwal News: हरियाणा स्टेट विजिलेंस एंड एंटी-करप्शन ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है। विजिलेंस टीम ने हरियाणा पुलिस के एक एक्सटेंडिड असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ESI) को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
विजिलेंस ब्यूरो ने आरोपी होशियार सिंह को जाल बिछाकर पकड़ा
पकड़े गए आरोपी की पहचान होशियार सिंह के रूप में हुई है। वह पलवल जिले के चांदहट पुलिस स्टेशन में इमरजेंसी रिस्पॉन्स व्हीकल (ERV) का इंचार्ज था। विजिलेंस ब्यूरो ने शिकायत मिलने के बाद योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। टीम ने आरोपी को शिकायतकर्ता से दो लाख रुपये कैश लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया।
इस मामले का शिकायतकर्ता हरियाणा पुलिस का ही एक रिटायर्ड असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) है। शिकायतकर्ता ने विजिलेंस को बताया कि होशियार सिंह साल 2023 में पलवल के कैंप पुलिस स्टेशन में दर्ज हुए एक हनी-ट्रैप केस का मुख्य शिकायतकर्ता था। जांच के दौरान इस केस में नए मोड़ आने के बाद शिकायतकर्ता का नाम जोड़ा गया था।
हनी ट्रैप केस रफा दफा करने के लिए मांगी थी रिश्वत
हनी-ट्रैप मामले में सह-आरोपियों के बयानों के आधार पर पुलिस ने रिटायर्ड एएसआई को आरोपी बनाया था। वह फिलहाल कोर्ट से जमानत मिलने के बाद बाहर है। आरोपी होशियार सिंह इस केस की जांच को प्रभावित करने और मामले को रफा-दफा करने के लिए रिटायर्ड पुलिसकर्मी पर लगातार दबाव बना रहा था।
होशियार सिंह ने केस सेटल करने के बदले दो लाख रुपये की डिमांड की थी। रिटायर्ड अधिकारी रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने विजिलेंस ब्यूरो से संपर्क किया। ब्यूरो ने आरोपों की शुरुआती जांच की और पुष्टि होने के बाद रेड मारकर आरोपी पुलिस अधिकारी को जेल की सलाखों के पीछे भेज दिया।

