Charkhi Dadri News: हरियाणा के चरखी दादरी बस स्टैंड से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां नाइट स्टे के लिए खड़ी की गई भिवानी जिले के लोहारू सब डिपो की हरियाणा रोडवेज बस को एक अज्ञात चोर चुराकर फरार हो गया। पुलिस ने बस को राजस्थान से रिकवर कर लिया है।
भिवानी रोडवेज के जनरल मैनेजर (महाप्रबंधक) दीपक कुंडू ने बताया कि लोहारू सब डिपो की यह बस शुक्रवार रात अपने निर्धारित रूट से चरखी दादरी पहुंची थी। रात को विश्राम के कारण गाड़ी को बस स्टैंड के अंदर ही पार्क किया गया था। रात करीब 9 बजे अज्ञात व्यक्ति बस लेकर रफूचक्कर हो गया।
टोल प्लाजा के फास्टैग मैसेज से ट्रैक हुई बस की लोकेशन
बस गायब देखकर चालक और परिचालक (कंडक्टर) के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत मामले की शिकायत पुलिस को दी। रोडवेज डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने बस की तलाश के लिए आधुनिक तकनीक का सहारा लिया। उन्होंने गाड़ी पर लगे फास्टैग की मदद से बस की लाइव लोकेशन ट्रैक करना शुरू किया।
बस जैसे-जैसे हाईवे के विभिन्न टोल प्लाजा से गुजरती रही, अधिकारियों के मोबाइल फोन पर फास्टैग से टोल टैक्स कटने के मैसेज आते रहे। इन्हीं डिजिटल संकेतों के आधार पर पुलिस को गाड़ी की सही दिशा का पता चलता गया और आखिरकार पड़ोसी राज्य राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में बस को इंटरसेप्ट कर लिया गया।
राजस्थान पुलिस की मदद से चरखी दादरी पुलिस ने रुकवाई गाड़ी
चरखी दादरी सिटी थाना प्रभारी चंद्रशेखर ने बताया कि वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस टीम अलर्ट मोड पर आ गई थी। जांच के दौरान जैसे ही बस के चित्तौड़गढ़ पहुंचने का इनपुट मिला, तुरंत वहां की चंदोरिया थाना पुलिस से संपर्क साधकर बस को नाकाबंदी कर रुकवा लिया गया।
बस को सुरक्षित कब्जे में लेने के बाद चरखी दादरी पुलिस की एक स्पेशल टीम गाड़ी को वापस लाने के लिए राजस्थान रवाना हो गई है। पुलिस प्रशासन अब इस एंगल से गहनता से जांच कर रहा है कि आरोपी का इतनी बड़ी सरकारी बस को चुराने के पीछे आखिर क्या मकसद था।

