सीबीएसई का री-इवैल्युएशन पोर्टल हुआ लाइव, जानें ब्लर कॉपी और भारी तकनीकी दिक्कतों के बीच कैसे करें स्टेप बाय स्टेप आवेदन

Delhi News: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) का आधिकारिक री-इवैल्युएशन पोर्टल आखिरकार दोबारा लाइव हो गया है. सोमवार से तकनीकी खामियों के कारण यह वेबसाइट पूरी तरह ठप पड़ी थी. इस वजह से देश भर के हजारों छात्र पुनर्मूल्यांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पा रहे थे.

सीबीएसई ने खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ट्वीट करके पोर्टल चालू होने की आधिकारिक जानकारी साझा की है. अब कक्षा 12वीं के प्रभावित छात्र री-इवैल्युएशन प्रक्रिया के लिए cbseit.in पोर्टल पर जा सकते हैं. बोर्ड ने छात्रों की सहूलियत के लिए स्टेप बाय स्टेप आवेदन प्रक्रिया भी जारी की है.

मंत्रालय की सख्ती के बाद जागा बोर्ड प्रशासन

बोर्ड ने पहले दावा किया था कि वह 1 जून से री-वैल्यूएशन पोर्टल शुरू कर देगा. हालांकि तकनीकी गड़बड़ी के कारण सोमवार को यह साइट नहीं खुली. इससे छात्र और अभिभावक बेहद परेशान रहे. विवाद बढ़ने पर केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने कड़ा संज्ञान लेते हुए जवाब मांगा था.

दरअसल 19 मई को जब कॉपियां देखने का पोर्टल खुला तो पहले ही दिन क्रैश हो गया. इसके बाद बोर्ड को आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 23 मई करनी पड़ी थी. पोर्टल खुलने के बाद भी भारी ट्रैफिक से छात्र न तो लॉगिन कर पाए और न फीस जमा कर सके.

ब्लर पन्ने और कॉपियों की अदला-बदली से बढ़ा विवाद

कॉपियां डाउनलोड होने पर छात्रों ने पाया कि कई पन्ने पूरी तरह ब्लर थे. कुछ छात्रों की उत्तर पुस्तिकाओं से महत्वपूर्ण पन्ने ही गायब मिले. हद तो तब हो गई जब कुछ मामलों में दूसरे छात्रों की कॉपी अपलोड कर दी गई. इससे छात्रों में भारी आक्रोश फैल गया.

इस साल लगभग 18 लाख विद्यार्थियों ने सीबीएसई 12वीं की मुख्य परीक्षा दी है. इस लचर व्यवस्था से पैरेंट्स बोर्ड की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं. कई छात्रों का दावा है कि उनकी सप्लीमेंट्री या एडिशनल आंसर शीट को स्कैनिंग में शामिल ही नहीं किया गया.

लाखों छात्रों ने मांगी थी कॉपियों की फोटोकॉपी

सीबीएसई ने बताया कि कॉपियों की स्कैन कॉपी के लिए कुल 4,04,319 आवेदन मिले थे. इन छात्रों ने रिकॉर्ड 11,31,961 कॉपियों के मूल्यांकन की मांग की थी. बोर्ड ने अब तक डिजिटल माध्यम से कुल 8,98,214 आंसर शीट छात्रों को उपलब्ध कराई हैं.

री-इवैल्युएशन के लिए ऐसे करें स्टेप बाय स्टेप अप्लाई

1. छात्र सबसे पहले पोर्टल पर जाकर Verification of Marks वाले विकल्प पर क्लिक करें. 2. अब स्क्रीन पर उन विषयों की पूरी लिस्ट देखें जिनकी स्कैन कॉपी आपको मिली है. 3. उस विषय को चुनें जिसमें आपको अंकों की गिनती या जांच में गड़बड़ी लगती है. 4. विषय चुनते ही स्क्रीन पर गड़बड़ियों की लिस्ट आएगी, अपनी समस्या पर टिक करें. 5. छात्र पूरी जानकारी को फाइनल चेक करने के बाद सबमिट (Submit) बटन दबाएं.

Author: Rashmi Sharma

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories