ग्वालियर में रशियन पर्यटक से बदसलूकी और सिंगरौली में 6 करोड़ की महालूट, एमपी में कानून व्यवस्था पर सवाल!

India News: मध्य प्रदेश के दो शहरों से कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली गंभीर खबरें सामने आई हैं। ग्वालियर किले में एक रशियन महिला पर्यटक के साथ अश्लील हरकत का वीडियो वायरल हुआ है। वहीं, सिंगरौली में नकाबपोश बदमाशों ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र में करीब 6 करोड़ रुपये की बड़ी डकैती को अंजाम दिया है। इन घटनाओं ने न केवल विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं, बल्कि बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था की भी पोल खोल दी है।

ग्वालियर किले में रशियन महिला के साथ ‘गंदी बात’

ग्वालियर के ऐतिहासिक किले में घूमने आई एक रूसी महिला के साथ स्थानीय इन्फ्लुएंसर ने अश्लीलता की हदें पार कर दीं। ‘राधे गुर्जर’ नामक एक युवक ने व्यूज और लाइक्स के चक्कर में महिला के साथ रील बनाई। रशियन महिला हिंदी भाषा से पूरी तरह अनजान थी, जिसका फायदा उठाकर इन्फ्लुएंसर ने उस पर बेहद भद्दी और अश्लील टिप्पणियां कीं। महिला बिना कुछ समझे वीडियो में मुस्कुराती रही। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भारी आक्रोश है।

इन्फ्लुएंसर की हरकत से देश की छवि पर लगा दाग

पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसी घटनाओं से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत और विशेषकर ग्वालियर की छवि खराब होती है। पहले भी ग्वालियर में पर्यटकों के साथ लूटपाट और ठगी की शिकायतें आती रही हैं। यही वजह है कि विदेशी सैलानी अब ग्वालियर में रुकने के बजाय सीधे आगरा या झांसी निकल जाते हैं। आरोपी इन्फ्लुएंसर पहले भी यातायात नियमों के उल्लंघन और हवाई फायरिंग जैसे मामलों में विवादों में रह चुका है। अब पुलिस इस वायरल वीडियो की जांच कर रही है।

सिंगरौली में फिल्मी स्टाइल में 6 करोड़ की बैंक डकैती

दूसरी ओर, सिंगरौली जिले के बैढन में बदमाशों ने दिनदहाड़े बैंक ऑफ महाराष्ट्र को अपना निशाना बनाया। बाइक पर आए पांच हथियारबंद डकैतों ने बैंक कर्मियों और ग्राहकों को रिवॉल्वर की नोक पर बंधक बना लिया। बदमाशों ने केवल 20 मिनट के भीतर करीब 20 लाख रुपये नकद और 7 से 10 किलो सोना लूट लिया। डकैती की गई कुल संपत्ति की कीमत करीब 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस दौरान बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए बैंक के भीतर फायरिंग भी की।

डीजीपी पहुंचे मौके पर, बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

महालूट की इस वारदात की गंभीरता को देखते हुए प्रदेश के डीजीपी कैलाश मकवाना खुद सिंगरौली पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का मुआयना किया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से डकैतों के चेहरे मिल गए हैं, जिन्हें सार्वजनिक कर दिया गया है। अंदेशा है कि लुटेरे छत्तीसगढ़ की सीमा की ओर भागे हैं। पुलिस ने आरोपियों की सूचना देने वालों के लिए इनाम की घोषणा की है। इस घटना से पूरे शहर में दहशत का माहौल बना हुआ है।

- Advertisement -

Hot this week

Related Articles

Popular Categories