मनाली घूमने गए परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़! फोटो खिंचवाते समय खाई में गिरी कार, मां और 11 महीने के मासूम की मौत

Himachal News: गुरुग्राम के भोंडसी से मनाली में छुट्टियां बिताने गया एक परिवार कभी न भूलने वाला दर्द लेकर लौटा है। रोहतांग-कोकसर मार्ग पर एक झरने के पास तस्वीरें खिंचवाने के दौरान पर्यटकों की कार अचानक पीछे की ओर लुढ़क गई और गहरी खाई में जा गिरी।

इस दर्दनाक पहाड़ी हादसे में कार के अंदर बैठी 26 वर्षीय महिला और उसके महज 11 महीने के मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान भोंडसी के सियाराम एन्क्लेव निवासी तनु कुमारी और उनके छोटे बेटे दक्ष कुमार सिंह के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुघर्टना बुधवार दोपहर को रोहतांग-कोकसर मार्ग पर स्थित एक प्रसिद्ध झरने के पास हुई। तनु के पति दीपक कुमार सिंह और उनके साले अमन सिंह उस समय गाड़ी से बाहर खड़े होकर झरने के पास खूबसूरत तस्वीरें खींच रहे थे।

देखते ही देखते आँखों के सामने खाई में समाई गाड़ी

हादसे के वक्त तनु कुमारी अपने छोटे बेटे दक्ष के साथ कार के अंदर ही बैठी हुई थीं। जबकि उनकी मां सविता देवी और उनका पांच साल का बड़ा बेटा भी वाहन के बाहर ही खड़े थे। इसी दौरान ढलान पर खड़ी कार अचानक पीछे की तरफ सरकने लगी।

वहां मौजूद परिवार के सदस्य जब तक कुछ समझ पाते या गाड़ी को रोकने का प्रयास करते, तब तक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर चुकी थी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और स्थानीय प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं।

भोंडसी में रहने वाले पड़ोसियों ने बताया कि यह पूरा परिवार मंगलवार की रात को ही बेहद खुशी-खुशी मनाली घूमने के लिए रवाना हुआ था। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। फिलहाल स्थानीय पुलिस हादसे के सही कारणों की जांच कर रही है।

Author: Sunita Gupta

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories